जहानाबाद में शोले के वीरू स्टाइल में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा नशेड़ी युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
जहानाबाद में नशे में धुत एक युवक 132 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और घंटों तक हंगामा करता रहा. घर में बंटवारे को लेकर परिजनों से हुए विवाद के बाद युवक ने यह खतरनाक कदम उठाया. सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया.
जहानाबाद से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां फिल्म 'शोले' के वीरू के अंदाज में नशे में धुत एक युवक 132 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा करता रहा. युवक को टावर पर चढ़ा देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. हालांकि, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना झुनाठी थाना क्षेत्र के सुजौला गांव के बधार की है.
132 केवी बिजली टावर पर चढ़कर मचाया हंगामा
दरअसल, मंगलवार को खेतों में धान की कटाई कर रहे ग्रामीणों की नजर अचानक एक ऊंचे बिजली टावर पर पड़ी. टावर के ऊपरी हिस्से पर एक युवक चढ़ा हुआ था और जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा कर रहा था. जिस टावर पर युवक चढ़ा था, वह टावर नंबर 33 है. इसी से होकर 132 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरती है, जो जहानाबाद ग्रिड से अरवल के अतौला ग्रिड तक बिजली की आपूर्ति करती है. युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए. लोगों ने नीचे से आवाज लगाकर उसे उतरने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन नशे में धुत युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था.
ये भी पढ़ें: श्रवण कुमार को मिली यूपी की कमान, श्याम रजक बने महासचिव, जदयू ने जारी की पदाधिकारियों की नई लिस्ट
पुलिस ने सूझबूझ दिखाकर युवक को सुरक्षित उतारा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सावधानी के साथ युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया. पुलिस पदाधिकारियों ने बातचीत के जरिए पहले उसे भरोसे में लिया और फिर सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी किया. काफी मशक्कत के बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया. इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. पूछताछ में युवक की पहचान हिर्दनचक गांव निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई.
वीडियो वायरल
बताया जाता है कि घर में बंटवारे को लेकर परिजनों के साथ उसका विवाद हुआ था. इसी बात से नाराज होकर उसने नशे की हालत में यह आत्मघाती कदम उठाया और जान देने की नीयत से टावर पर चढ़ गया. गनीमत रही कि पुलिस की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से युवक की जान बच गई, अन्यथा जरा सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी. फिलहाल, पुलिस युवक को थाने ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई और काउंसलिंग कर रही है. वहीं, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार