SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

फरक्का जल संधि के रिन्यूअल के विरोध में उतरी जदयू: सांसद संजय झा बोले- 'बिहार को मिले उसका हक'

छपरा में नीतीश संवाद कार्यक्रम में जदयू सांसद संजय झा फरक्का संधि रिन्यूअल का विरोध किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि फरक्का जल संधि से बिहार के साथ पिछले 30 वर्षों में अन्याय हुआ है, दोबारा रिन्यूअल नहीं होना चाहिए.

Edited By Shailendra
Published: Oct 06, 2026, 05:40 PM IST | Updated: Oct 06, 2026, 05:44 PM IST
Image Credit: फरक्का बराज और जल संधि पर बरसे जदयू सांसद संजय झा (Z News)
Join

फरक्का जल संधि को बिहार के हितों के खिलाफ बताते हुए जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसके रिन्यूअल का विरोध किया है. छपरा के प्रेक्षागृह में जदयू की ओर से आयोजित 'फरक्का जल संधि-नीतीश संवाद' कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस संधि के कारण पिछले 30 वर्षों में बिहार के साथ अन्याय हुआ है. यह संधि 12 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रही है और जदयू की स्पष्ट मांग है कि इसका दोबारा रिन्यूअल नहीं किया जाए.

'फरक्का संधि के कारण बाहर चला जाता है बिहार का 73% पानी'
जदयू सांसद संजय झा ने कहा कि बिहार में गंगा के किनारे 12 जिले बसे हैं. जनवरी से मई के बीच, जब बिहार को पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उस समय पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता. उन्होंने दावा किया कि इस संधि के कारण बिहार का करीब 73 प्रतिशत पानी बाहर चला जाता है.

'बिहार के हितों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता'
उन्होंने कहा कि अगर किसी परिस्थिति में संधि का रिन्यूअल किया भी जाता है, तो बिहार के हितों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. साल 2050 तक बिहार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए सिरे से प्रावधान तय करने होंगे.

'गंगा में पहले पाई जाने वाली कई प्रजातियों की मछलियां अब दिखाई नहीं देती'
जदयू नेता संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार लंबे समय से सिल्ट पॉलिसी की मांग करते रहे हैं. उन्होंने फरक्का बराज के कारण गंगा की प्राकृतिक धारा प्रभावित होने का भी आरोप लगाया. उनका कहना था कि इसका असर गंगा की जलधारण क्षमता के साथ-साथ पर्यावरण पर भी पड़ा है. गंगा में पहले पाई जाने वाली कई प्रजातियों की मछलियां अब दिखाई नहीं देती हैं.

'फरक्का जल संधि का सवाल केवल पानी के बंटवारे का नहीं'
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि फरक्का जल संधि का सवाल केवल पानी के बंटवारे का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य, किसानों, पर्यावरण और गंगा की अविरल धारा से जुड़ा हुआ है. इसलिए संधि की अवधि समाप्त होने के बाद बिहार के हितों को केंद्र में रखकर नए सिरे से निर्णय लिया जाना चाहिए.

'फरक्का जल संधि-नीतीश संवाद' कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, मंत्री सुनील कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और स्थानीय विधायक सह कार्यक्रम प्रभारी रणधीर सिंह समेत पूरे प्रमंडल से बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत समारोह के साथ हुई. इस दौरान अतिथियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके सम्मान में स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया गया.

रिपोर्ट: राकेश सिंह

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES