NDA में भितरघात पर बोलने वाले थे अभिषेक झा पर ऐन वक्त पर आ गया ऊपर से फोन और रद्द हो गई प्रेस कांफ्रेंस
जेडीयू के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा आज आनंद पुष्कर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे, जिसे उन्होंने अब खुद रद्द कर दिया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, '5 नवंबर को जेडीयू प्रदेश कार्यालय में चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक होनी है. मन के अंदर बहुत सारे भाव हैं, जिसे पूरी साफगोई से अपने नेता के समक्ष रखूंगा.'
बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद से ही BJP और JDU के बीच अंदरखाने कुछ ठीक नहीं चल रहा है. ऐसा हम नहीं कह रहे, बीते कुछ दिनों का घटनाक्रम साफ जाहिर कर रहा है. हालांकि, इसके पीछे कितनी सच्चाई है, ये तो आने वाले समय में ही पता चल पाएगा. वहीं, आज (2 नवंबर) तिरहुत स्नातक सीट से JDU के उम्मीदवार रहे अभिषेक झा और सारण शिक्षक सीट से उम्मीदवार रहे आनंद पुष्कर के साथ मीडिया से बातचीत करने वाले थे, जो कि अब स्थगित हो गई है.
अभिषेक झा ने रद्द की प्रेस कॉन्फ्रेंस
जेडीयू के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा- साथियों, जब से चुनाव (MLC) के परिणाम आए तब से लगातार मीडिया के साथियों के फोन, इंटरव्यू और बातचीत के लिए आ रहे थे. आज आप सभी साथियों को मैंने अपने आवास पर बुलाया था. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और हमारे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद संजय झा जी से फोन पर बातचीत हुई है. अपनी सारी बातें मैंने उनको विस्तार से बताई है. आगामी 5 नवंबर को जेडीयू प्रदेश कार्यालय में चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक होनी है. मन के अंदर बहुत सारे भाव हैं जिसे पूरी साफगोई से अपने परिवार(मेरी पार्टी जेडीयू)और अपने नेता के समक्ष रखूंगा. 5 नवंबर के बाद ही अब प्रेस और मीडिया के साथियों से बात होगी. असुविधा के लिए खेद है.'
कहां से शुरू हुआ पूरा विवाद?
31 अक्टूबर को सारण शिक्षक सीट से नव निर्वाचित निर्दलीय MLC राहुल राज और तिरहुत स्नातक सीट से नव निर्वाचित निर्दलीय MLC बंशीधर ब्रजवासी के बीजेपी में शामिल होने की खबर सामने आई थी. इसका फोटो और वीडियो भी वायरल हुआ था. हालांकि, बाद में दोनों नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने की बात से इनकार कर दिया था. दरअसल, जन सुराज पार्टी के एक नेता ने दावा किया था कि बतौर निर्दलीय जीतने के बाद भी इन दोनों नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है और इसको लेकर वे कोर्ट जाएंगे. उसके बाद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज ने एक एक वीडियो जारी कर पार्टी में शामिल होने की बात से इनकार कर दिया था.
बता दें कि जनता दल यूनाइटेड ने सारण शिक्षक सीट से आनंद पुष्कर को प्रत्याशी बनाया था और तिरहुल स्नातक सीट से अभिषेक को उम्मीदवार बनाया था. दोनों ही जगहों पर निर्दलीय प्रत्याशी की जीत हुई थी. अभिषेक झा को बंशीधर ब्रजवासी ने हराया था तो आनंद पुष्कर को राहुल राज ने मात दी थी. चुनाव परिणाम आने के कुछ घंटे के भीतर ही जब दोनों नेताओं ने भाजपा विधायक दल की बैठक में शिरकत की और उनके कथित रूप से पाटी में शामिल होने की खबर आई तो आनंद पुष्कर और अभिषेक झा के कान खड़े हो गए थे.
उसके बाद दोनों नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी नेताओं पर भितरघात के आरोप लगाए थे. ध्यान देने वाली बात ये हैं कि राहुल राज को बीजेपी ने अभी MLC चुनाव से 15 दिन पहले ही पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया था, लेकिन परिणाम आने के 3 से 4 दिन के भीतर वो बीजेपी में शामिल हो गए. वहीं, तिरहुत स्नातक सीट से MLC वंशीधर ब्रजवासी ने बीजेपी में शामिल होने से इनकार किया है.
इनपुट: विकास चौधरी