मुजफ्फरपुर और नालंदा में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट, एक घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी तो दूसरी में आपसी रंजिश की बात आई सामने
मुजफ्फरपुर और नालंदा में दोनों जगहों पर देर रात गोलीबारी की घटना हुई. एक घटना का संबंध प्रेम-प्रसंग से जुड़ी हुई है, तो वहीं दूसरी घटना के पीछे पुरानी निजी दुश्मनी की बात सामने आई है. फिलहाल, दोनों का इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. मुजफ्फरपुर में घर लौटते समय एक युवक को अपराधियों ने गोली मार दी. वहीं, नालंदा के बिहारशरीफ में से भी एक ऐसी ही घटना सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र में मेला देखकर घर लौट रहे युवक को मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मार दी. यह घटना देर रात मोहनपुर गांव में सेकेंडरी स्कूल के पास एक ग्रामीण सड़क पर अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने आशिक कुमार नाम के युवक को गोली मारी.
अपाची बाइक से पहुंचे दो बदमाश
घटना के बाद, लोगों को अपनी ओर आते देख दोनों बदमाश अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर भाग गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है. शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह मामला किसी प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है.
जख्मी आशिक कुमार ने बताया कि वह मानपुर स्कूल के पास पहुंचा था, तभी अपाची बाइक पर सवार दो लोग वहां पहुंचे. बाइक चला रहे व्यक्ति ने उस पर गोली चला दी और इसके बाद दोनों अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए. आशिक के अनुसार, वह हमलावरों को पहचान नहीं सका. उसने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले बिजली का काम करने आए एक व्यक्ति से गांव में किसी बात पर विवाद हुआ था, हालांकि उसने इस पुरानी घटना का इस हमले से सीधा संबंध होने की पुष्टि नहीं की है.
घटना के बारे में जानकारी देते हुए, SDPO (ईस्ट-1) अलाय वत्स ने बताया कि बोचहां थाना क्षेत्र के मोहनपुर में एक सेकेंडरी स्कूल के पास एक युवक को गोली मारे जाने और उसके घायल होने की सूचना मिली थी. पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित, जिसकी पहचान मोहनपुर निवासी आशिक कुमार के रूप में हुई है, अस्पताल पहुंचाया. घटनास्थल से एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है और फोरेंसिक (FSL) टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. SDPO ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह घटना किसी प्रेम प्रसंग से जुड़ी लग रही है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है
नालंदा में भी युवक पर चली गोली
वहीं, नालंदा जिले के बिहारशरीफ में बिहार थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने आशंका जताई है कि पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है. घायल के पिता सतपाल सतनाम ने बताया कि जितेंद्र कुमार कुछ साल पहले एक युवक की हत्या के मामले में आरोपित था. करीब एक साल पहले ही वह जेल से बाहर आया था.
यह भी पढ़ें: पटना के गांधी मैदान में होगा 90 फीट रावण का पुतला दहन, बदला ट्रैफिक रूट... घर से निकलने से पहले पढ़ें पूरी गाइडलाइन
परिजनों को आशंका है कि इसी मामले को लेकर उसे गोली मारी गई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद घायल को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में इलाज चल रहा है. बिहार थानाध्यक्ष रणजीत रजक ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों और बदमाशों की पहचान में जुटी है.
मुजफ्फरपुर से मणितोष कुमार और नालंदा से श्रृषिकेश कुमार की रिपोर्ट