App

पटना में ग्रेनेड तो समस्तीपुर में जिंदा बम मिले: त्योहारों से पहले बिहार में अशांति फैलाने की तैयारी तो नहीं चल रही!

पटना में पुलिस ने ग्रेनेड और हथियार के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, समस्तीपुर में कब्रिस्तान के पास से 3 जिंदा बम बरामद किए हैं. इन दोनों ही घटनाओं के बाद से हड़कंप मच गया है.

पटना में ग्रेनेड तो समस्तीपुर में जिंदा बम मिले: त्योहारों से पहले बिहार में अशांति फैलाने की तैयारी तो नहीं चल रही!
Image Credit: पटना में ग्रेनेड तो समस्तीपुर में जिंदा बम मिले (AI Generated Image)

त्योहारों से ठीक पहले बिहार के दो जिलों में हथियारों और विस्फोटकों के मिलने से हड़कंप मच गया है. राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में पुलिस ने शीतला मंदिर ओवरब्रिज के पास से ग्रेनेड और हथियारों के साथ दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है. वहीं दूसरी ओर, समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित सुरोल गांव के एक कब्रिस्तान में काले लिफाफे के अंदर तीन जिंदा बम मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. सुरक्षा एजेंसियों और एफएसएल (FSL) टीम को मामले की सूचना दे दी गई है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों और विस्फोटकों के पीछे किसी बड़ी साजिश का हाथ तो नहीं है.

राजधानी पटना में ग्रेनेड और हथियार बरामद
राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में 22 सितंबर 2026 की रात अगमकुआं थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर ओवरब्रिज के पास पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उनके पास से ग्रेनेड और हथियार बरामद किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि उनके पास हथियार और ग्रेनेड कहां से आया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ के साथ उनके आपराधिक इतिहास और संभावित कनेक्शन की भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं दोनों किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े तो नहीं हैं.

राज किशोर सिंह ASP पटना सिटी ने घटना की पुष्टि की है. हालांकि, पुलिस की ओर से बरामद हथियार और ग्रेनेड की विस्तृत जानकारी और हिरासत में लिए गए दोनों लोगों की पहचान के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है. पुलिस बरामद सामान की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि ग्रेनेड वास्तविक है या किसी अन्य प्रकार का संदिग्ध सामान. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.

समस्तीपुर में कब्रिस्तान से तीन जिंदा बम बरामद
वहीं, समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के सुरोल गांव में कब्रिस्तान में तीन संदिग्ध बम मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि सुबह मस्जिद के मौलाना मजार की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर कब्रिस्तान के पास काले पन्नी में रखी एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी. पहली नजर में यह सामान नारियल जैसा दिखाई दिया. मौलाना ने इसकी जानकारी स्थानीय जन प्रतिनिधि को दी. इसके बाद दक्षिणी पंचायत के मुखिया पति डॉक्टर परवेज आलम मौके पर पहुंचे. पन्नी को देखकर उन्हें भी मामला संदिग्ध लगा. अंदर तीन ऐसी वस्तुएं दिखाई दीं, जो बम जैसी लग रही थीं. इसके बाद बिना किसी तरह का जोखिम उठाए पुलिस को सूचना दी गई. 

खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों संदिग्ध बम बरामद किए. ये वास्तव में बम हैं या कुछ और, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.  पुलिस का कहना है कि संदिग्ध वस्तुओं की जांच करने और उनकी असलियत का पता लगाने के लिए FSL टीम को सूचना दी गई है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि कब्रिस्तान में ये तीन संदिग्ध बम कहां से आए और इन्हें यहां किसने रखा. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

पटना से प्रकाश कुमार सिन्हा और समस्तीपुर से मंटुन कुमार रॉय की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More