गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में हुए 12 वर्षीय छात्रा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने आरोपी युवक सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया है. साथ ही, घटना में इस्तेमाल किए गए कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग में छात्रा की हत्या हुई थी. छात्रा अपने प्रेमी से मिलने गई थी, जहां कुछ विवाद हुआ. इसके बाद प्रेमी सुजीत कुमार ने कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी और शव छिपाने के लिए घर के पीछे फेंक दिया.
12 अक्टूबर को छात्रा घर से लापता हुई थी, जिसके 2 दिन बाद उसका शव बरामद हुआ था. छात्रा की मौत के बाद परिजन गुस्से से आगबबूला हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव वापस लाया गया तो आक्रोशित परिजन ने आरोपी के घर के बाद चिता सजाकर वहीं अंतिम संस्कार कर दिया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन नहीं माने. इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा. परिजनों ने सुजीत के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया.
घटना के बाद डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम ने जांच किया. इसके बाद पुलिस टीम बनाई गई, जिसने मामले को सुलझाते हुए सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया. घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून के नमूने भी बरामद कर लिए गए हैं. मामले को लेकर एसडीपीओ सदर ने बताया कि 12 अक्टूबर को छात्रा के लापता होने के बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके 48 घंटे बाद उसका शव बरामद हुआ. पुलिस ने घटना का उद्भेदन कर आरोपी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, आरोपी के दरवाजे पर जबरदस्ती अंतिम संस्कार को लेकर भी एफआईआर दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
बता दें कि परिवारवालों ने आपसी रंजीश में छात्रा की हत्या करने का आरोप लगाया था, लेकिन अब मामला प्रेम-प्रंसग का निकला है. फिलहाल, पुलिस ने सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
रिपोर्ट: मदेश तिवारी