SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जमुई के बाद अब मधेपुरा में मनचलों की गुंडागर्दी: परीक्षा देने पहुंची छात्रा को घेरकर की बदसलूकी, हाथापाई का वीडियो वायरल

जमुई में नाबालिगों के साथ छेड़खानी की घटना ने पूरे बिहार में हड़कंप मचा दिया है. इस बीच कुछ इसी तरह की घटना का एक वीडियो मधेपुरा से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक एक लड़की और लड़के को परेशान कर रहे हैं.

Edited By Shailendra
Published: Sep 23, 2026, 10:57 PM IST | Updated: Sep 23, 2026, 11:06 PM IST
Image Credit: मधेपुरा में परीक्षा देने गई छात्रा को घेरकर लफंगों ने की बदसलूकी (Photo- वीडियो ग्रैब)
Join

जमुई में छात्रा के साथ बदसलूकी का मामला अभी चर्चा में है. इसी बीच मधेपुरा के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में स्कूल के बाहर छात्रा से मिलने पहुंचे एक युवक को कुछ युवकों की ओर से घेरने और उसके साथ हाथापाई करने का मामला सामने आया है. घटनाक्रम का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामला अपग्रेड हाई स्कूल उदा के आसपास का बताया जा रहा है. हालांकि, इस वायरल वीडियो की पुष्टि जी मीडिया नहीं करता है.

वायरल वीडियो में कुछ युवक स्कूल के बाहर छात्रा और उसके साथ मौजूद युवक को घेरकर पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में युवक छात्रा और उसके साथ मौजूद लड़के से स्कूल के बाहर एकांत में खड़े होने को लेकर सवाल करते नजर आते हैं. इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ युवक लड़के की बाइक की चाबी निकाल लेते हैं. युवक चाबी वापस मांगता है, लेकिन युवक चाबी देने से इनकार करते हुए मामले को सार्वजनिक करने की बात कहते नजर आते हैं.

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगती है. मामला धीरे-धीरे धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच जाता है. वीडियो में कुछ युवक लड़के को घेरकर उससे सवाल करते नजर आ रहे हैं. वहीं, लड़का भी युवकों से उलझता दिखाई देता है. घटनाक्रम के दौरान आसपास मौजूद कुछ महिलाएं भी वहां पहुंचती हैं. कुछ लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आते हैं.

बताया जा रहा है कि घटनाक्रम 22 सितंबर, 2026 दिन मंगलवार का है. वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इलाके में इसकी चर्चा होने लगी. स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूलों के आसपास छुट्टी के समय बाहरी युवकों के घूमने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं. लोगों का कहना है कि स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं को लेकर भी कुछ युवकों की तरफ से फब्तियां कसने की शिकायतें रहती हैं. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

प्रधानाध्यापक बोले- स्कूल परिसर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई
अपग्रेड हाई स्कूल उदा के प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने स्कूल परिसर में इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है. स्कूल के बाहर क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. वायरल वीडियो के बारे में भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है.

उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि घटनाक्रम की उन्हें कोई सूचना नहीं है. वायरल वीडियो के बारे में भी उन्हें जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि मामले को लेकर थाने में अब तक किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है.

बताया गया कि 21 से 23 सितंबर तक उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा आयोजित की गई थी. स्थानीय लोगों ने स्कूलों के आसपास निगरानी बढ़ाने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES