गया नगर निगम के सफाईकर्मी निकले शातिर चोर! जिन घरों से उठाते थे कचरा, उन्हीं का पार करते थे लाखों के जेवर
गया पुलिस ने चोरी कांड का एक ऐसा खुलासा किया है, जिससे हर कोई हैरान है. दरअसल, नगर निगम के सफाईकर्मी जिन घरों से कचरा उठाते थे, उन्हीं घरों को निशाना बनाते और चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस ने चोरी के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है.
गयाजी में चोरी की घटनाओं का ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने सबको चौंका दिया है. जिन घरों से नगर निगम के सफाईकर्मी रोज कचरा उठाते थे, उन्हीं घरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. छठ में बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति चोरी करने वाले इस गिरोह में नगर निगम के चार सफाईकर्मी समेत आठ लोग शामिल थे. पुलिस ने दो ज्वेलरी दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया है, जो चोरी के गहने खरीदते थे.
गया के सीनियर एसपी सुशील कुमार ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि 15 नवंबर 2026 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अतरी के मुखिया और एक अन्य के बंद घर में चोरी की घटना हुई थी. छठ व्रत के कारण दोनों घरों के लोग बाहर गए हुए थे. चोरों ने इसका फायदा उठाकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वजीरगंज डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया.
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर सात अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में चार गया नगर निगम के सफाईकर्मी हैं. इनमें दो आरोपी पहले धनबाद नगर निगम में भी काम कर चुके हैं. पुलिस के अनुसार, सफाईकर्मी घर-घर कचरा उठाने जाते थे. इसी दौरान उन्हें पता चल जाता था कि कौन सा मकान खाली है और किस घर में लोग मौजूद नहीं हैं. इसके बाद वे बंद घरों को निशाना बनाते थे. गिरोह के सदस्य पहले रेकी करते और फिर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे.
एसएसपी के मुताबिक, चोरी की वारदात में छह लोग सक्रिय रूप से शामिल रहते थे, जबकि दो लोग चोरी के गहने खरीदने का काम करते थे. पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में चंदौती चौराहा स्थित मोहिनी ज्वेलर्स के संचालक सौरभ कुमार वर्मा और आभूषण दुकान चलाने वाले रामनंदन प्रसाद को गिरफ्तार किया है. दोनों पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण खरीदने का आरोप है.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक कार, दो मोटरसाइकिल, छह ग्राम गलाया हुआ सोना, कई आभूषण, बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के और पांच मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है. गिरोह के सदस्य दूर के इलाकों में चोरी करने जाने के लिए कार का इस्तेमाल करते थे. इस कार्रवाई से पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. खास बात यह है कि घरों की निगरानी और सफाई के काम से जुड़े लोग ही कथित तौर पर चोरी की वारदात में शामिल पाए गए.
रिपोर्ट: जय प्रकाश कुमार
यह भी पढ़ें: अररिया एसपी आवास, 200 मीटर दूरी पर ज्वेलरी शॉप, चोर आए 3 घंटे तक काटा शटर-लॉकर और 1 करोड़ के जेवर लेकर फरार