)
Bihar Crime News: आज सोमवार को बिहार में अलग-अलग जिलों से सामने आई चार हत्याओं की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है. नवादा में 20 वर्षीय युवक का जला हुआ शव मिट्टी के कुएं से बरामद हुआ, जबकि आरा 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वहीं गोपालगंज के हथुआ में महावीरी मेले के दौरान 20 वर्षीय युवक को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया गया. दूसरी ओर, रोहतास के सूर्यपुरा में 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है. इस चारों घटना को लेकर पुलिस मामलों में पुलिस जांच में जुटी हुई है.
नवादा में जला हुआ शव बरामद
बता दे की पहला घटना नवादा जिले के परनाडाबर थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर के समीप बगीचे में स्थित मिट्टी के कुएं से 20 वर्षीय युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान मेसकौर थाना क्षेत्र के चंदाबारा गांव निवासी सुबीर कुमार के रूप में की गई है. मृतक के कपड़ों और शरीर पर जलने के गहरे निशान पाए गए हैं. घटनास्थल को देखकर पुलिस हत्या के बाद शव को जलाकर सबूत मिटाने के एंगल से भी जांच कर रही है. हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा. घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली. बाइक की नंबर प्लेट टूटी हुई थी और चेसिस नंबर को पत्थर से रगड़कर मिटाने का प्रयास किया गया था. इसी बाइक के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान सुबीर के रूप में की. मृतक के पिता महेंद्र चौहान ने बताया कि सुबीर रविवार दोपहर 3 बजे से लापता था और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था. परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि सोमवार को ग्रामीणों ने बगीचे में शव पड़े होने की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर बाइक देखकर उन्होंने बेटे की पहचान की. युवक का चेहरा आग से बुरी तरह झुलस चुका था.
भोजपुर में मंदिर के पास युवक की गोली मारकर हत्या
इधर भोजपुर जिले के धोबहा थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना मैनपुरा गांव स्थित काली मंदिर के पास हुई. हथियारबंद बदमाशों ने युवक के सिर में काफी करीब से गोली मारी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. मृतक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के हेमतपुर गांव निवासी स्वर्गीय मुन्ना सिंह के 20 वर्षीय पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सोनू बाहर रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था और हाल ही में गांव लौटा था. देर रात सोनू पैदल घूमने के लिए मैनपुरा गांव स्थित काली मंदिर की ओर गया था. इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने उसे गोली मार दी. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया और एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग करते हुए शव को मौके से उठने नहीं दिया. घटना की सूचना मिलने पर साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 रौशन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. एसडीपीओ ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है. हालांकि, बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या क्यों की, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. वहीं, मृतक का मोबाइल फोन भी घटनास्थल से नहीं मिला है. मोबाइल मिलने के बाद हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकते हैं. घटना को लेकर साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 रौशन कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से हत्या का कारण स्पष्ट नहीं बताया गया है. पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है.
महावीरी मेले में युवक की चाकू मारकर हत्या
वहीं, गोपालगंज में महावीरी मेला में आपसी रंजिश के कारण एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. यह घटना बीती रात हथुआ थाना क्षेत्र के हथुआ बाजार की है. मृतक की पहचान 20 वर्षीय बसंत यादव के रूप में हुआ है. मृतक रूपंचक गांव का निवासी था. मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा मेला देखने गया था, जहां कुछ लोगों ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी. पूर्व में खेलने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद हत्या की गई है. साथ उन्होंने गांव के ही लोगों पर आरोप लगाया है और प्रशासन से न्याय की मांग की है.
रोहतास 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौत
इधर रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के पवरा गांव में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जाता है कि महिला ने अपने कमरे में फांसी लगा ली. वहीं, मायके वालों ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. मृतका की पहचान लक्ष्मीना के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि 8 मई 2026 को मृतका की शादी अर्जुन राम से हुई थी. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेजा है.
सिवान में प्रखंड की पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति किशोर गिरी को अपराधियों ने मारी गोली
सिवान में आंदर प्रखंड की पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पति किशोर गिरी को अपराधियों ने गोली मार दी. घटना असांव थाना क्षेत्र के शिवरी मठिया गांव की है. बताया जा रहा है कि किशोर गिरी इसी गांव के सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं. किसी काम से कहीं जा रहे थे उसी समय पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जो कान के पास लगी. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें सिवान सदर अस्पताल ले गए. प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्तरों ने उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान के साथ घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
रिपोर्ट: मदेश तिवारी (गोपालगंज), अमरजीत कुमार यादव (सासाराम), मनीष कुमार सिंह (आरा), यशवंत सिन्हा (नावादा), अमित सिंह (सिवान)