नालंदा में छोटी दीपावली पर पटाखे की चिंगारी से टेंट गोदाम में भीषण आग, 10 लाख का सामान खाक
छोटी दीपावली के दिन पटाखे की चिंगारी से टेंट गोदाम में लगी भीषण आग. लगभग दस लाख का टेंट का सामान जलकर खाक हो गया. दमकल की टीम एक घंटे बाद मौके पर पहुंची. सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं की घटना.
छोटी दीपावली के बीच पटाखे की चिंगारी ने नालंदा में भारी तबाही मचा दी. बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं में मिश्रा टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि आसपास के दो घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अपनी जान बचाने के लिए लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.
दीपावली के दिन गोदाम के आसपास कुछ बच्चे फोड़ रहे थे पटाखा
बताया जाता है कि दीपावली के दिन गोदाम के आसपास कुछ बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे. इसी दौरान पटाखे की चिंगारी गोदाम में जा गिरी, जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. शहर के बीचों-बीच संकरी गलियों में आग लगने से दमकल की टीम को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची. इस आगलगी में गोदाम में रखे कूलर, टेबल, कुर्सियां और टेंट के कपड़े जलकर राख हो गए. करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया
हालांकि, दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. फिलहाल, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. फायर ब्रिगेड के अधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि शहर में भीड़भाड़ होने के कारण घटनास्थल पर पहुंचने में देरी हुई, फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है.
अधिकारियों को सीएम सम्राट चौधरी ने सख्त निर्देश दिए
बता दें कि दीपावली और छठ महापर्व को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और विधि-व्यवस्था में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए. अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो और डीएम इसकी लगातार मॉनिटरिंग करें.
मुख्यमंत्री ने रेलवे स्टेशन से लेकर छठ घाटों तक सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है. सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों का अधिकतम चार घंटे में खंडन करने को कहा गया है. पर्व के दौरान 17,500 अतिरिक्त पुलिसकर्मी, होमगार्ड और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती होगी.
रिपोर्ट: ऋषिकेश कुमार