'कोर्ट में मिलेंगे...', सीएम आवास तक पहुंचा खगड़िया एसपी और उनकी पत्नी का विवाद, पटना महिला थाने में FIR दर्ज
खगड़िया के पुलिस सुपरिटेंडेंट भानु प्रताप सिंह के खिलाफ पटना के महिला पुलिस स्टेशन में उनकी पत्नी पूजा सिंह ने FIR दर्ज कराई है. अपनी शिकायत में पूजा ने अपने पति, ससुर और देवर पर हैरेसमेंट का आरोप लगाया है.
बिहार कैडर के आईपीएस अफसर और खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह मुश्किलों में घिर गए हैं. उनकी पत्नी पूजा ने पटना के महिला थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. पूजा ने अपने पति के अलावा ससुर और देवर पर भी प्रताड़ना और गंभीर आरोप लगाए हैं.
दरअसल, 2 नवंबर सोमवार को इस मामले में नया मोड़ तब आया जब पूजा सिंह सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंच गईं. वहां पूजा और भानु प्रताप सिंह दोनों को बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन पूजा का कहना है कि दोनों को आमने-सामने नहीं बिठाया गया. भानु ने उनसे यहां तक कह दिया कि अब जो भी बात होगी, कोर्ट में ही होगी.
पूजा सिंह का यह भी आरोप है कि विभाग के सीनियर अधिकारी कहीं न कहीं आईपीएस पति को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. वैसे, कुछ दिन पहले यह मामला राज्य महिला आयोग के पास भी पहुंचा था.
मारपीट, तलाक के लिए दबाव और बेटी को अलग करने का दर्द
महिला थाने में दी गई शिकायत में पूजा सिंह ने कई खुलासे किए हैं. उनका आरोप है कि पति भानु प्रताप सिंह ने उन्हें जमकर प्रताड़ित किया और उनके साथ मारपीट भी की. हद तो तब हो गई जब उन पर जबरन तलाक के कागजों पर साइन करने का दबाव बनाया जाने लगा.
लव मैरिज की थी दोनों ने, अब हो गया विवाद
पूजा सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली हैं. उन्होंने बताया कि उनकी और भानु प्रताप सिंह की लव मैरिज 16 जनवरी 2017 को हुई थी. शादी के कुछ वक्त बाद ही भानु प्रताप सिंह आईपीएस बन गए. पूजा सिंह के मुताबिक, जैसे ही भानु प्रताप सिंह की पोस्टिंग पटना में हुई, उनका बर्ताव एकदम से बदल गया और उन्होंने दूरी बनानी शुरू कर दी.
साल 2020 में दोनों को एक बेटी हुई, लेकिन साल 2025 में बात तब हद से पार हो गई जब ससुर और ननद बेटी को घुमाने के बहाने साथ ले गए और उसके बाद से पूजा सिंह को उनकी अपनी ही बेटी से मिलने तक नहीं दिया जा रहा है.
ध्यान दीजिएगा कि पूजा सिंह मंगलवार को खगड़िया एसपी आवास पर पहुंचीं थीं. वहां पर गेट नहीं खोले जाने के बाद वह बाहर घंटों बैठीं रहीं थीं. इसके बाद प्रशासन ने उनको वहां से समझा कर हटाया.
यह भी पढ़ें: खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह की आवास पर घंटों बैठी रहीं पत्नी, प्रशासन ने सर्किट हाउस भेजा