SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

फिल्मी सितारों का जमावड़ा और करोड़ों के तोहफे, अनंत सिंह के गांव लदमा में होगी ऐसी शादी कि न किसी ने देखा होगा और न सुना होगा

बेटी की शादी में अनंत सिंह दामाद को डिफेंडर देने वाले हैं तो बेटे को बीएमडब्ल्यू का टॉप वैरिएंट. उनकी बेटी शिवांगी की शादी में दुबई से 6 मॉडल भी बुलाई जा रही हैं. साथ ही फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी से बिहार के लदमा की यह शादी शाही शादी में शुमार हो जाएगी.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Nov 10, 2026, 03:01 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 03:15 PM IST
Image Credit: शिवांगी सिंह, अनंत सिंह की बेटी (File Photo)
Join

बिहार की सियासत में अपनी अलग पहचान रखने वाले मोकामा के बाहुबली जदयू विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की शहनाइयां गूंजने की तैयारी चल रही है. उनकी छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है. इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए मोकामा के बाहुबली विधायक की ओर से बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं. शादी की रौनक, मेहमानों की खातिरदारी और करोड़ों रुपये के शाही समारोह चर्चा का विषय बना हुआ है.

पटना से 70 किलोमीटर दूर बाढ़ ब्लॉक के लदमा गांव में अनंत सिंह की छोटी बेटी की शादी 25 नवम्बर को होनी है. शादी को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही है. अनंत सिंह के समर्थक तैयारियों में जुटे है. यूपी से आए स्पेशल मजदूर शादी मंडप को ताजमहल का रूप देने में जुटे हैं. अनंत सिंह के घर के पास बन रहे इस 120 फ़ीट के मंच को देखिए, जहां जयमाल का कार्यक्रम होगा तो ठीक इसके बगल में लोगों के खाने का इंतज़ाम किया जाएगा.

READ ALSO: जिस बेटी की शादी में अनंत सिंह पानी की तरह बहा रहे पैसा, पहली बार उसकी तस्वीर आई सामने

शादी में सबसे अधिक सुर्खियां अनंत सिंह की ओर से अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को दिए जाने वाले बेशकीमती तोहफे ने बटोरी हैं. अनंत सिंह के दामाद अमेरिका के जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए हैं और बिहटा के कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे हैं. बताया जा रहा है कि अनंत सिंह उन्हें करीब 2 से 2.50 करोड़ रुपये की लग्जरी एसयूवी लैंड रोवर डिफेंडर भेंट करने जा रहे हैं. यह गाड़ी पटना पहुंच भी चुकी है. लैंड रोवर डिफेंडर देश की महंगी और शानदार एसयूवी में शुमार है. अपनी दमदार बनावट, शानदार ऑफ-रोड क्षमता और आलीशान इंटीरियर के लिए इसकी खास पहचान है. गाड़ी में आधुनिक तकनीक, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑल-व्हील ड्राइव और एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस जैसी सुविधाएं मिलती हैं. इस तरह बेटी की विदाई से पहले दामाद को दिया जाने वाला यह तोहफा समारोह का बड़ा आकर्षण बन गया है.

शादी के जश्न के दौरान एक विशेष घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके विजेता को महिंद्रा थार और उपविजेता को एक बाइक दी जाएगी. इस खास प्रतियोगिता में अनंत सिंह का अपना घोड़ा शामिल नहीं होगा. अनंत समर्थक नकुल सिंह कहते हैं कि अपना घोड़ा जीत जाएगा तो लोग सवाल पूछेंगे सो बाहर से आए घोड़े को ही शामिल किया जाएगा.

शादी के जश्न के साथ ही अनंत सिंह के परिवार में एक और मांगलिक आयोजन होने जा रहा है. उनके छोटे बेटे अभिनव सिंह का जनेऊ संस्कार भी इसी दौरान आयोजित किया जाएगा. इस शुभ अवसर पर अनंत सिंह अपने बेटे को बीएमडब्लू कार भेंट करने की तैयारी में हैं. यानी एक ही पारिवारिक समारोह में दामाद के लिए डिफेंडर और बेटे के लिए बीएमडब्लू की सौगात चर्चा में है. इसके टॉप वैरिएंट की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये तक बताई जाती है.

READ ALSO: बेटी की शादी में पाकिस्तान से भी आएंगे मेहमान! आखिर कहना क्या चाहते हैं अनंत सिंह?

इस शाही शादी में मनोरंजन जगत की नामचीन हस्तियों को भी न्योता भेजा गया है. प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर फिल्म और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों को निमंत्रण भेजा जा रहा है. शादी समारोह में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म जगत की कई हस्तियों के शामिल होने की संभावना है. इसके लिए अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह, अभिनेत्री अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे, सांसद रवि किशन, मनोज तिवारी, आयशा खान और गायक उदित नारायण समेत बॉलीवुड तथा भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के तीन दर्जन से अधिक कलाकारों को आमंत्रित किए जाने की बात सामने आई है. इसके अलावा दुबई से छह मॉडल के भी समारोह में पहुंचने की तैयारी है.

इस तरह शादी के जश्न में उपहारों के साथ खेल प्रतियोगिता का भी आकर्षण रहेगा. फिल्मी सितारों की मौजूदगी, भव्य सजावट, लजीज व्यंजनों और महंगे उपहारों के कारण शिवांगी की शादी अभी से सुर्खियों में है. शिवांगी की शादी और अभिनव के जनेऊ संस्कार को लेकर अनंत सिंह का परिवार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है. करोड़ों के तोहफे, सितारों की मौजूदगी, शाही दावत और भव्य सजावट के बीच लदमा में होने वाला यह आयोजन बिहार के चर्चित पारिवारिक समारोहों में शामिल होने जा रहा है.

प्रशांत झा की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES