App

पटना में EOU की बड़ी कार्रवाई: BSBCCL के महाप्रबंधक कमलेश कुमार के कई ठिकानों पर रेड, आय से अधिक संपत्ति का आरोप

पटना में EOU की बड़ी कार्रवाई सामने आयी है. टीम ने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के महाप्रबंधक कमलेश कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की है. उन पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप है.

पटना में EOU की बड़ी कार्रवाई: BSBCCL के महाप्रबंधक कमलेश कुमार के कई ठिकानों पर रेड, आय से अधिक संपत्ति का आरोप
Image Credit: BSBCCL के GM कमलेश कुमार के कई ठिकानों पर रेड (Photo- Z News)

बिहार की राजधानी पटना में आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक तकनीकी कमलेश कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की कई टीमों ने आज उनके अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है.

आय से अधिक संपत्ति का मामला किया गया था दर्ज
जानकारी के मुताबिक, आर्थिक अपराध इकाई ने कमलेश कुमार के खिलाफ 21 सितंबर, 2026 सोमवार देर शाम आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था. एजेंसी के अनुसार, उन पर करीब 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है.

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी लगाए गए
मामला दर्ज होने के बाद 22 सितंबर, 2026 दिन मंगलवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की विशेष टीमों ने उनके वैशाली स्थित पैतृक आवास, पटना स्थित आवास और कार्यालय समेत अन्य ठिकानों पर तलाशी शुरू की. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी लगाए गए हैं. अलग-अलग टीमों की तरफ से एक साथ दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है.

कार्रवाई के दौरान कुछ सामान और दस्तावेज बरामद किए गए
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) के डीएसपी ने बताया कि कई स्थानों पर छापेमारी चल रही है और कार्रवाई के दौरान कुछ सामान और दस्तावेज बरामद किए गए हैं. हालांकि, बरामदगी का पूरा ब्योरा जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है. एजेंसी की कार्रवाई अभी जारी है.

ई. सत्येन्द्र चौधरी के ठिकानों निगरानी ब्यूरो का एक्शन
16 सिंतबर, 2026 दिन बुधवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भवन निर्माण विभाग, पूर्णिया प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र कुमार चौधरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की थी. निगरानी की तीन अलग-अलग टीमों ने पटना और पूर्णिया स्थित उनके तीन ठिकानों पर छापेमारी की थी. जांच में सत्येन्द्र कुमार चौधरी, उनकी पत्नी उषा देवी और परिजनों के नाम पर कुल सात अचल संपत्तियों का पता चला था. इनमें फुलवारी शरीफ में जमीन और उस पर बना आलीशान मकान, नौबतपुर में करीब 74 डिसमिल की चार जमीन और दानापुर में करीब 7.18 डिसमिल जमीन शामिल है. इन संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 3 करोड़ 60 लाख रुपये बताया गया है. इसके अलावा करीब 26 लाख रुपये की चल संपत्ति का भी जिक्र है. 

तलाशी के दौरान फुलवारी शरीफ में 5 मंजिला लिफ्ट और सोलर पैनल से युक्त आलीशान मकान मिला है. इसके अलावा सोने, चांदी और हीरे के आभूषण मिले थे. साथ ही ग्रेटर नोएडा में एक फ्लैट होने की जानकारी भी सामने आई थी. 

रिपोर्ट: प्रकाश कुमार सिन्हा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More