App

किशनगंज और कटिहार में EOU का एक्शन, आय से अधिक संपत्ति के मामले में DPO रूबी कुमारी के ठिकानों पर छापेमारी

किशनगंज और कटिहार में सर्व शिक्षा अभियान की प्रभारी अधिकारी रूबी कुमारी से जुड़ी अलग-अलग जगहों पर EOU की तलाशी चल रही है. EOU की टीम का अभियान अभी जारी है. मामला आय से अधिक संपत्ति रखने से जुड़ा है.

किशनगंज और कटिहार में EOU का एक्शन, आय से अधिक संपत्ति के मामले में DPO रूबी कुमारी के ठिकानों पर छापेमारी
Image Credit: DPO रूबी कुमारी के दो ठिकानों पर छापेमारी (जी मीडिया)

बिहार शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी पर EOU ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ा शिकंजा कसा है. EOU ने मंगलवार (3 नवंबर) सुबह उनके चार ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की. इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से शिक्षा विभाग से लेकर पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. ईओयू की विशेष टीम ने किशनगंज के रूईधासा स्थित समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय में उनके चैंबर, लाइन मोहल्ला स्थित उनके किराए के मकान और कटिहार सहायक थाना क्षेत्र के ऑफिसर कॉलोनी स्थित उनके पांच मंजिला निर्माणाधीन आवासीय भवन पर एक साथ धावा बोला.

आय से अधिक संपत्ति का मामला

ईओयू के अनुसार, डीपीओ रूबी कुमारी पर उनकी वैध आय से 80 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है, जिसके बाद विशेष न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की जा रही है. जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि रूबी कुमारी किशनगंज में पदस्थापित होने से पहले कटिहार में तीन साल तक शिक्षा विभाग में स्थापना डीपीओ के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं.

2018 से 2025 के बीच खरीदी इतनी जमीन

ईओयू की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि साल 2018 से 2025 के बीच यानी महज सात साल के भीतर उन्होंने कटिहार में 11 अलग-अलग जगहों पर जमीन खरीदी है और वर्तमान में एक बड़ा पांच मंजिला आवासीय मकान बनवा रही हैं. उनके पति गौरव कुमार यादव उर्फ बंटी यादव कटिहार रेल डिवीजन में सीनियर टीटीई के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके ससुर मुक्ति यादव कटिहार के मारवाड़ी पाठशाला से प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं.

ठिकानों पर पुलिस बल तैनात

यह पूरी छापेमारी ईओयू के पुलिस उपाधीक्षक स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है. छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठिकानों पर पुलिस को तैनात किया गया है. कार्यालय और आवास के मुख्य द्वारों पर पुलिस बल की मौजूदगी में जांच की जा रही है. ईओयू की टीम कार्यालय और आवास के भीतर रखे बैंक पासबुक, जमीन के कागजात, वित्तीय लेन-देन से जुड़ी फाइलें, निवेश के दस्तावेज और जेवरात की बारीकी से जांच कर रही है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More