SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दीपावली और छठ पर नहीं होगी बिजली गुल, बिहार ऊर्जा विभाग अलर्ट, 24 घंटे काम करेंगे कंट्रोल रूम

बिजली विभाग ने छठ घाटों के आसपास लगे वितरण ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग का काम पूरा कर लिया है. ट्रांसफॉर्मर खराब होने या जलने की स्थिति में तत्काल बदलने के लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई गई है. घाटों पर अस्थायी फ्यूज कॉल गैंग भी तैनात किए जाएंगे, ताकि बिजली संबंधी शिकायतों का तुरंत समाधान हो सके.

Edited By Shailendra
Published: Nov 07, 2026, 09:31 PM IST | Updated: Nov 07, 2026, 09:40 PM IST
Image Credit: पटना के 91 छठ घाटों पर 997 अधिकारी-कर्मियों की लगाई गई ड्यूटी, 14 अस्थायी कंट्रोल रूम गठित (Z News)
Join

दीपावली और छठ महापर्व पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए ऊर्जा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है. दीपावली और छठ महापर्व पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को विद्युत भवन पटना में बैठक हुई. बैठक में मुख्यालय से साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया. इसमें फील्ड से विद्युत अधीक्षण अभियंता (ESE) और विद्युत कार्यपालक अभियंता (EEE) भी जुड़े रहे. बैठक में त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए. बिजली की बढ़ती मांग के मद्देनजर वर्ष 2023, 2024 और 2025 के आंकड़ों का विश्लेषण कर इस साल की संभावित मांग का आकलन किया गया है. वहीं, बिजली आपूर्ति में किसी तरह की बाधा आने पर तत्काल कार्रवाई के लिए मुख्यालय से लेकर प्रमंडल स्तर तक 24 घंटे नियंत्रण कक्ष काम करेंगे.

छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए बिजली के तारों और पोलों की विशेष जांच की जा रही है. जर्जर तारों को बदला जा रहा है. जरूरत के अनुसार 11 केवी के खुले तारों की जगह कवर्ड कंडक्टर लगाए जा रहे हैं. घाटों और पहुंच पथों पर लगे लोहे के बिजली पोलों को भी सुरक्षित किया जा रहा है. एलटी के नंगे तारों को एबी केबल से बदलने का काम चल रहा है.

पेसू क्षेत्र (पटना) के 23 मुख्य और 68 अन्य छठ घाटों पर बिजली व्यवस्था संभालने के लिए 14 अस्थाई कंट्रोल रूम का गठन कर 152 पदाधिकारियों और 845 तकनीकी विद्युतकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. बेहतर संचार व्यवस्था के लिए पटना और देव (औरंगाबाद) क्षेत्र के संबंधित कर्मियों को मोबाइल के साथ वॉकी-टॉकी भी उपलब्ध कराए गए हैं. ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को रेट्रो-रिफ्लेक्टिव जैकेट, ब्लू जैकेट और सुरक्षा किट दी गई है.

राज्यभर में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत 948 मुख्य और 2,381 अन्य, जबकि नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत 457 मुख्य और 6,813 अन्य छठ घाट चिह्नित किए गए हैं. इस तरह कुल 1,405 मुख्य और 9,194 अन्य घाटों पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी है.

माननीय ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने राज्यवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान हर घर तक निर्बाध बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. ऊर्जा विभाग को बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है, ताकि सभी लोग त्योहार शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मना सकें.

ऊर्जा सचिव, बिहार और BSPHCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव (भा.प्र. से.)  ने राज्यवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग इन पर्वों को हर्षोल्लास और सुरक्षित वातावरण में मनाएं. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी अधिकारियों और अभियंताओं को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है. छठ घाटों पर बिजली के तारों, पोलों और ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. त्योहार के दौरान बिजली व्यवस्था की 24 घंटे निगरानी की जाएगी.

शिकायत के लिए जारी किए गए मोबाइल नंबर

बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए मुख्यालय और प्रमंडल स्तर पर 24×7 नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं. साउथ बिहार के उपभोक्ता 7369000839 और 7763814337 और नॉर्थ बिहार के उपभोक्ता 7763818425 और 7763818426 पर संपर्क कर सकते हैं. वहीं, मुख्यालय स्तर पर SLDC में भी विशेष नियंत्रण कक्ष बनाया गया है. उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान पा सकते हैं.विभाग ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहार के दौरान सतर्क रहने और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.

यह भी पढ़ें: दीपावली-छठ का बिहार को स्पेशल गिफ्ट! केंद्र सरकार ने जारी किए 1,08,45,00,00,000 रुपए, CM सम्राट ने PM मोदी को कहा- 'Thank You'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES