बिहार में आपातकालीन 'डायल 112' होगी सुपरफास्ट: अब 6 से 8 मिनट में पहुंचेगी मदद, जुड़ेंगे 1200 नए वाहन
बिहार में 'डायल 112' को अब और सुपरफास्ट बनाने की तैयारी की जा रही है. इसके बाद 6 से 8 मिनट में ही मदद पहुंच सकेगी. इसके लिए इसमें करीब 1200 नए वाहन जोड़े जाएंगे.
बिहार में नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन 'डायल 112' सेवा को और सुपरफास्ट बनाने की तैयारी चल रही है. नई रणनीति के तहत अब किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर सहायता वाहन मात्र 6 से 8 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंच जाएगा. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए डायल 112 की गाड़ियों को हर 3-4 KM की दूरी में तैनात किया जाएगा, जिससे दूरी के कारण होने वाली देरी को पूरी तरह खत्म किया जा सके. इसके साथ ही, आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों की संख्या बढ़ाने के लिए 1200 नए वाहनों की खरीद का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा जा चुका है.
बड़े पैमाने पर किया जा रहा विस्तार
बता दें कि वर्तमान में राज्य में डायल 112 के तहत 1833 वाहन सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और नए वाहनों के जुड़ने से इसकी ताकत लगभग दोगुनी हो जाएगी. इस पूरी व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए बुनियादी ढांचे का भी बड़े पैमाने पर विस्तार किया जा रहा है.
पटना के राजीव नगर इलाके में 27 कट्ठा जमीन पर एक अत्याधुनिक सात मंजिला 'स्टेट डाटा सेंटर' का निर्माण किया जाएगा. इस नए नियंत्रण कक्ष में एक साथ 150 कर्मियों के बैठने और कॉल रिसीव करने की व्यवस्था होगी, ताकि व्यस्त समय में भी किसी जरूरतमंद की कॉल न छूटे.
आपात स्थितियों में मिलेगी राहत
बता दें कि इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जैसे ही 112 पर कॉल करेगा, कंप्यूटर स्क्रीन पर उसकी सटीक लोकेशन तुरंत दिखाई देगी. इसी लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर सबसे नजदीकी वाहन को तुरंत मदद के लिए रवाना कर दिया जाएगा. सरकार और प्रशासन की इस नई पहल से बिहार में अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं के समय त्वरित चिकित्सा और आगजनी समेत अन्य आपात स्थितियों पर तेजी से काबू पाने में काफी मदद मिलेगी.