दशहरा की तैयारियां शुरूः 21 सितंबर से पंडालों की होगी फायर मैपिंग, इनके लिए फायर सर्टिफिकेट जरूरी
राजधानी पटना में अग्निशमन विभाग ने दशहरा को लेकर सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं. सोमवार (21 सितंबर) से जिले के सभी प्रमुख पूजा पंडालों की फायर मैपिंग शुरू की जाएगी. फायर मैपिंग के दौरान पंडालों की स्थिति, प्रवेश-निकास और अग्निशमन वाहनों के पहुंच मार्ग की भी जानकारी जुटाई जाएगी. इस बार पंडालों में वॉलेंटियर्स की तैनाती भी अनिवार्य होगी.
राजधानी पटना में दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. दशहरा को लेकर अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं. विभाग ने बताया कि सोमवार (21 सितंबर) से जिले के सभी प्रमुख पूजा पंडालों की फायर मैपिंग शुरू की जाएगी. यह अभियान करीब एक सप्ताह तक चलेगा. जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि सभी पूजा समितियों को अग्निशमन विभाग मुख्यालय की ओर से जारी एसओपी का पालन करना होगा. उन्होंने कहा कि 300 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में बनाए जाने वाले पूजा पंडालों के लिए फायर सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य होगा. इसके साथ ही बिजली विभाग से भी आवश्यक प्रमाण पत्र लेना होगा.
अग्निशमन विभाग की ओर से पूजा समितियों को पंडाल में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं. अभिषेक कुमार ने बताया कि इस बार पंडालों में वॉलेंटियर्स की तैनाती भी अनिवार्य होगी. अग्निशमन विभाग इन वॉलेंटियर्स को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण देगा. वहीं, 5000 वर्गफीट वाले पंडालों के लिए पूजा समितियों को प्रपत्र ‘द’ के तहत घोषणा पत्र देना होगा. इसके अलावा जरूरत के अनुसार अस्थायी कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे. फायर मैपिंग के दौरान पंडालों की स्थिति, प्रवेश-निकास और अग्निशमन वाहनों के पहुंच मार्ग की भी जानकारी जुटाई जाएगी. जरूरत पड़ने पर दूसरे जिलों से भी दमकल वाहन मंगाए जाएंगे.
गांधी मैदान में दशहरा मेला पर संसय बरकरार
बता दें कि पटना के गांधी मैदान में श्री दशहरा कमेटी की ओर से रावण वध का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है. दशहरा कमिटी के अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि बीते वर्ष पटना प्रमंडल आयुक्त ने कला संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार 11 दिवसीय रामलीला का आयोजन गांधी मैदान में आयोजित करने का आदेश दिया गया था. हालांकि, इस बार गांधी मैदान में दशहरा मेला आयोजित करने तैयारी को लेकर रामलीला मंचन को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है. कमिटी ने प्रमंडल आयुक्त को पत्र लिखकर 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक गांधी मैदान में रामलीला मंचन कराने को लेकर सहयोग करने की मांग की है, जिसका अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.