SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार सरकार को सौंपी गई दोगुना रोजगार-दोगुनी आय की रिपोर्ट, जानिए क्या हैं मुख्य सिफारिशें

समिति ने कृषि, डेयरी और जीविका जैसी सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी बल दिया है. नवीन कुमार समिति ने कई अहम सिफारिशें दी है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 03, 2026, 06:30 PM IST | Updated: Oct 03, 2026, 06:43 PM IST
Image Credit: बिहार सरकार को सौंपी गई दोगुना रोजगार-दोगुनी आय की रिपोर्ट (Z News)
Join

बिहार सरकार की तरफ से राज्य में दोगुना रोजगार और दोगुनी आय के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति ने अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी है. तीन सदस्यीय समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी नवीन कुमार थे. समिति ने अपनी रिपोर्ट उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री विजेंद्र यादव को सौंपी.

समिति ने अपनी रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण सिफारिशें की हैं. सबसे प्रमुख सुझाव यह दिया गया है कि राज्य सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए और उनके प्रदर्शन से जुड़े आंकड़ों को नियमित रूप से सामने लाया जाए, जिससे रोजगार सृजन की प्रक्रिया को और गति मिल सके.

समिति ने दूसरी बड़ी सिफारिश करते हुए बिहार में उद्योग-धंधों की स्थापना और विस्तार पर विशेष जोर दिया है. साथ ही उद्योगों की प्रगति की लगातार निगरानी करने की भी अनुशंसा की गई है ताकि निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ सकें.

रिपोर्ट में यह भी सुझाव दिया गया है कि जिला स्तर पर रोजगार और उद्योग से जुड़ी समितियां बनाई जाएं, जो स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास की निगरानी करें. इसके अलावा बजट और विकास योजनाओं की जिला स्तर पर भी नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने की अनुशंसा की गई है. 

रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार समिति की सिफारिशों का अध्ययन करेगी और उन्हें लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी. उन्होंने कहा कि बजट के प्रदर्शन और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी.

विजेंद्र यादव ने विश्वास जताया कि समिति की रिपोर्ट बिहार में दोगुना रोजगार और दोगुनी आय के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया पहले से जारी है और समिति की सिफारिशों के लागू होने से प्रति व्यक्ति आय, रोजगार और विकास तीनों में वृद्धि होगी. उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार समिति की प्रमुख अनुशंसाओं को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है.

रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES