हाथ पर लिखा था 'H.K.S चानो देवी', बेगूसराय में मिला सड़ा-गला युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस
बेगूसराय में गंडक नदी किनारे अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिला है. शव मिलने से इलाके में सनसनी मच गई. मृतक की दाहिनी कलाई पर 'H.K.S चानो देवी' लिखा मिला है. फिलहाल, शव की पहचान में पुलिस जुट गई है.
बेगूसराय में उस वक्त इलाके में सनसनी फैल गई, जब गंडक नदी किनारे एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया गया. शव की हालत इतनी खराब थी कि आसपास के इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई. वहीं, मृतक की दाहिनी कलाई पर 'H.K.S चानो देवी' लिखा हुआ मिला है, जो उसकी पहचान का अहम सुराग माना जा रहा है.
भगवानपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा पुल से पश्चिम गंडक नदी किनारे का मामला
दरसअल, पूरा मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा पुल से पश्चिम गंडक नदी किनारे का है, जहां मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे ग्रामीणों ने नदी में एक युवक का शव बहते हुए देखा. बताया जा रहा है कि शव विभूतिपुर की ओर से अकहा-बिशनपुर होते हुए गंडक नदी के रास्ते सूर्यपुरा की तरफ आ रहा था. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया
सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार और एसआई सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को नदी से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया.
आशंका जताई जा रही है कि शव कई दिनों हो सकता है पुराना
इधर, शव मिलने की खबर फैलते ही नदी किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. हालांकि, मौके पर मौजूद कोई भी व्यक्ति मृतक की पहचान नहीं कर सका. युवक का शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि शव कई दिनों पुराना हो सकता है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा
फिलहाल, पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है. युवक कौन था, कहां का रहने वाला था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
जर्जर बिजली तार की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत
वहीं, दूसरी तरफ आज ही बेगूसराय में बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. घर के सामने टूटकर गिरे जर्जर बिजली के तार की चपेट में आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. यह घटना मंसूरचक थाना क्षेत्र के अगापुर गांव की है. मृतक मजदूर की पहचान अगापुर गांव निवासी मनोज महतो के पुत्र चंदन कुमार के रूप में की गई है.
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि चंदन कुमार अपने घर के सामने किसी काम से निकला था. इसी दौरान पहले से टूटकर जमीन पर गिरे बिजली के जर्जर तार की चपेट में वह आ गया. बताया जा रहा है कि तार जमीन पर गिरा हुआ था, जिसे चंदन कुमार देख नहीं पाया और अनजाने में उसका पैर तार से सट गया. इसके बाद वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
काफी देर बाद जब परिजन घर से बाहर निकले, तो चंदन कुमार को घर के सामने मृत अवस्था में पड़ा देखा. उसके शरीर से बिजली का तार लिपटा हुआ था. आनन-फानन में परिजन उसे जिंदा समझकर तार से अलग कर इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार