दानापुर में बेखौफ बदमाशों ने की खुलेआम फायरिंग, 8 खोखे बरामद, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
Danapur firing video: पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के सगुना सामुदायिक भवन कुआं के पास रविवार देर रात तीन युवकों ने कथित तौर पर खुलेआम कई राउंड फायरिंग की. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
Danapur firing video: राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के सगुना सामुदायिक भवन कुआं के पास रविवार की देर रात गोलीबारी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. वायरल वीडियो में तीन युवक हाथ में पिस्तौल लेकर खुलेआम फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि युवकों ने दनादन कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गोली चलने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग डर के मारे अपने-अपने घरों में दुबक गए.
वायरल फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि सगुना सामुदायिक भवन कुआं के पास तीन युवक बेखौफ होकर फायरिंग कर रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की गई. हालांकि, गोलीबारी की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. इस घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग इस घटना को लेकर डरे हुए हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान करीब आठ खोखे बरामद किए हैं. हालांकि, इलाके में दहशत के कारण लोग खुलकर घटना के बारे में बात करने से बच रहे हैं. पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर गोलीबारी करने वाले युवकों की पहचान में जुटी है.
दानापुर थानाध्यक्ष P.K भारद्वाज ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच-पड़ताल की जा रही है. वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: इसतेयक खान