अनंत सिंह के गांव में घुड़दौड़ देखने उमड़ा जनसैलाब, पेड़, टावर और बिजली के पोल पर चढ़े लोग, एक बुजुर्ग की मौत
मोकामा विधायक अनंत सिंह के यहां घुड़सवारी प्रतियोगिता में जबरदस्त भीड़ जुटी. वहीं, सैकड़ों लोग मोबाइल टावर के ऊपर चढ़कर घुड़सवारी का आनंद लेते दिखे. घोड़ा रेस देखने विधायक अनंत सिंह के गांव गए एक बुजुर्ग की मौत हो गई.
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए ऐसा जनसैलाब उमड़ा, जो किसी को काबू में करने की बस की बात नहीं रही. पूरा इलाका भीड़ के सैलाब में तब्दील हो गया. मैदान में जगह कम पड़ी तो लोग सड़क, गाड़ियों, पेड़ों और यहां तक कि मोबाइल टावर पर चढ़ गए. हालात ऐसे बिगड़े कि टू लेन पर भीषण जाम लग गया और घुड़दौड़ देखने पहुंचे एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस दौरान बेकाबू होती भीड़ को देखते हुए घुड़दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भी टालना पड़ गया.
घोड़ा रेस देखने विधायक अनंत सिंह के गांव गए एक बुजुर्ग की मौत
बाढ़ के लदमा गांव में बुधवार की संध्या एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस ने बेहोशी की हालत में बुजुर्ग को कंधे पर उठाकर बाढ़ के अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इलाज करने वाले डॉक्टर रोहन कुमार ने बताया कि बुजुर्ग को पुलिस के द्वारा मृत अवस्था में ही लाया गया था. जांच करने के बाद बुजुर्ग को मृत पाया गया. बुजुर्ग की मौत कैसे हुई, यह पता नहीं चल पा रहा है. अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने मृतक की जेब से कागजात या फिर मोबाइल खोजने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की जेब से महज 2,120 रुपये नकद पाए गए और कोई कागजात नहीं मिले हैं. कयास लगाया जा रहा है कि सक सोहरा टू लेन पर लगे जाम में मची भगदड़ के कारण भीड़ में दब जाने से बुजुर्ग की मौत हो गई होगी.
घुड़दौड़ देखने टावर और पेड़ पर चढ़े सैकड़ों लोग, कहने पर भी नहीं उतरे
विधायक अनंत सिंह के यहां घुड़सवारी प्रतियोगिता में जबरदस्त भीड़ जुटी. घुड़दौड़ देखने के लिए लोग बिहार के कई जिलों, यूपी और नेपाल तक से यहां पहुंचे थे. घुड़सवारी का मैदान दर्शकों से भर गया था. जब लोगों को मैदान में जगह नहीं मिली, तब टू लेन पर ही खड़े होकर जाम लगा दिया. वहीं, सैकड़ों लोग मोबाइल टावर के ऊपर चढ़कर घुड़सवारी का आनंद लेते दिखे. कुछ लोग तो पेड़ पर भी लटककर बैठे थे. मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बार-बार माइक से अनाउंस कर लोगों को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन लोग काफी देर तक टावर पर ही बैठकर घुड़सवारी देखते रहे.
अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ का फाइनल मुकाबला रुका
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के मौके पर लोगों के मनोरंजन के लिए आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज टाल दिया गया है. मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने के कारण मुकाबले को आगे बढ़ाने में परेशानी हो रही थी. स्थिति को देखते हुए आयोजकों ने फाइनल मुकाबले को स्थगित करने का फैसला लिया, क्योंकि घुड़दौड़ देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे. भीड़ इतनी अधिक हो गई कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कराना मुश्किल हो गया. ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुकाबले को अगले दिन तक के लिए टाल दिया गया है. हालात ये थे कि लोग सड़कों पर, गाड़ियों पर, पेड़ों पर और हाईटेंशन बिजली के तार के पोल पर चढ़कर देख रहे थे. विधायक काफी खुश दिखे और लाल गमछा भी हिलाया.
रिपोर्ट: रुपेंद्र श्रीवास्तव