दरभंगा में अपराधियों ने ASI को मारी गोली, घुटने के नीचे आर-पार हुई बुलेट
दरभंगा से ASI रणधीर कुमार को गोली मारने की वारदात सामने आई है. अपराधियों ने एएसआई के पैर में गोली मारी, घुटने के नीचे बुलेट आर-पार हो गई. फिलहाल, DMCH में इलाज जारी है.
दरभंगा में अपराधियों ने पुलिस के एक एएसआई को गोली मार दी है. घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव के पास की है. गोली सकतपुर थाना में तैनात ASI रणधीर कुमार के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जो आर-पार हो गई. घायल एएसआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए DMCH रेफर किया गया. फिलहाल, DMCH के इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि गस्ती के लिए एएसआई रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ उजान गांव की ओर निकले थे. इसी दौरान एक बगीचे के पास अचानक गोली चल गई और वह घायल हो गए. हालांकि, गोली किसने चलाई और किस दिशा से आई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.
घटना की सूचना मिलते ही SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी समेत पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि टेक्निकल सेल की टीम भी जांच में जुटी है. फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गोलीबारी के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है.
अरवल में बेखौफ अपराधियों ने ज्वेलरी दुकानदार को मारी चार गोलियां, मौत, दूसरा घायल
अरवल जिले के कुर्था थाना क्षेत्र के मोतीपुर बाजार से शाम में दुकान बंद कर टेंपो से कुर्था लौट रहे दो दुकानदारों पर बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस घटना में ज्वेलरी दुकानदार मनोज कुमार की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि शृंगार दुकानदार राधाकांत मिश्रा घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार और राधाकांत मिश्रा मोतीपुर बाजार में अपनी-अपनी दुकान बंद कर टेंपो से कुर्था लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार तीन अपराधियों ने टेंपो को रुकवा लिया. इसके बाद अपराधियों ने बिना कुछ कहे अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों ने मनोज कुमार को चार गोलियां मारीं. वहीं, राधाकांत मिश्रा की जांघ को भी गोली छूते हुए निकल गई. गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घायल राधाकांत मिश्रा ने बताया कि बाइक पर तीन अपराधी सवार थे और तीनों के हाथ में हथियार थे. उन्होंने टेंपो रुकवाने के बाद अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है.
दरभंगा से मुकेश कुमार और अरवल से संजय रंजन की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: बिस्तर पर खून लथपथ से पड़ा हुआ था प्रियांशु, घर में सोए इकलौते बेटे की हत्या, बेगूसराय में सनसनीखेज वारदात