पटना में महिला सुरक्षा पर सवालः मसौढ़ी में कोचिंग शिक्षक ने की छात्रा से बदसलूकी! गांधी नगर में सेक्स रैकेट का खुलासा
पटना से सटे मसौढ़ी के धनरुआ थाना क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है. शिक्षक पर छात्रा से बदसलूकी के आरोप लगा है. वहीं, पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सेक्स रैकेट का खुलासा किया है.
बिहार में लड़कियों के खिलाफ छेड़खानी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. अब राजधानी पटना से महिला सुरक्षा को लेकर दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. पहली घटना मसौढ़ी इलाके के धनरूआ प्रखंड से सामने आई. यहां एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक की जूते-चप्पलों से पिटाई कर रहे हैं. मार खाने वाले की पहचान निजी कोचिंग संचालक शिक्षक अनिल कुमार के रूप में हुई है. शिक्षक पर कोचिंग संस्थान के एक छात्रा के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा है. इसीको लेकर उसकी लोगों ने पिटाई की है. हालांकि, ज़ी मीडिया इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
छात्रा से तस्वीरें मांगने, बदसलूकी करने का आरोप
वीडियो में कुछ लोग कोचिंग संस्थान के शिक्षक के साथ चप्पल से मारपीट करते दिख रहे हैं. वीडियो वायरल होते ही पुलिस छानबीन में जुटी है. धनरूआ थाना के एसएचओ ने बताया कि घटना के संबंध में कोई भी लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली कि छात्रा के परिजनों के साथ शिक्षक का कुछ विवाद था. स्थानीय लोगों के अनुसार, कोचिंग में पढ़ने वाली एक छात्रा से शिक्षक ने मोबाइल पर उसकी तस्वीरें मंगाई थीं. इसके बाद शिक्षक पर छात्रा के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया गया.
सेक्स रैकेट का खुलासा, 4 युवक गिरफ्तार
उधर, पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सेक्स रैकेट का खुलासा किया है. यहां पुलिस ने गांधी नगर के सेक्टर-04 स्थित होटल सनशाइन हॉलीडे में पुलिस ने छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि होटल में नाबालिग लड़कियों को लाकर देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर होटल में छापेमारी की गई. ASP लॉ एंड ऑर्डर-2 सुषमा सागर ने बताया कि छापेमारी के दौरान होटल के दो कमरों से दो लड़कियां और दो युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले.
बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की
पुलिस ने होटल के काउंटर से दो संचालकों को भी हिरासत में लिया गया. पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन, 22,700 रुपये नकद, एक लैपटॉप, होटल रजिस्टर, एक लाइटर और एक पेटीएम बॉक्स के अलावा बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है. गिरफ्तार युवकों की पहचान संदीप कुमार तिवारी (27), रिषु कुमार (28), सुमन कुमार (25) और रवि कुमार (25) के रूप में हुई है. पुलिस अब होटल में लड़कियों को लाने और कथित देह व्यापार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.