SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छठ से पहले बिहार-झारखंड में तैयारियां तेज: पटना के घाटों पर किए जा रहे खास इंतजाम, गिरिडीह में छठ घाट पर कब्जे को लेकर बवाल

बिहार और झारखंड में छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं. पटना के दीघा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं. तो वहीं गिरिडीह में छठ घाट की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 02, 2026, 01:26 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 01:36 PM IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

आने वाले 15 नवंबर को छठ पूजा है. जैसे-जैसे आस्था का महापर्व छठ नजदीक आ रहा है, बिहार और झारखंड में इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं. पटना के दीघा स्थित पाटीपुल घाट पर भी छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए घाट पर साफ-सफाई, सैंड बैग बिछाने और वॉच टावर बनाने का काम शुरू हो गया है. इसी कड़ी में दीघा विधानसभा के विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने घाट का निरीक्षण किया और नगर निगम के अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

घाट पर तैयारी तेज

घाट तक पहुंचने वाले रास्तों से गंदगी को हटाए जा रहे हैं, जबकि जल्द ही लाइटिंग की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी. पीएचईडी विभाग की ओर से श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा. महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं. वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती भी की जाएगी. छठ के दौरान घाटों पर स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. दीपावली तक सभी चिह्नित घाटों और पहुंच पथों की सफाई का लक्ष्य रखा गया है. दूसरे चरण में 9 से 11 नवंबर तक विशेष सफाई होगी, जबकि तीसरे चरण में 13 से 16 नवंबर तक घाटों, तालाबों और पार्कों की प्रतिदिन सफाई कराई जाएगी. प्रत्येक वार्ड में 10 अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है. इसके अलावा घाटों पर कृत्रिम तालाब, डस्टबिन, तीन स्तरीय रेलिंग और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी. खतरनाक घाटों को लाल कपड़े से घेरकर चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे.

विधायक ने किया निरीक्षण

विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि उन्होंने घाट का निरीक्षण किया है और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं. बिहार के कोने-कोने से श्रद्धालु दीघा घाट पहुंचते हैं, ऐसे में किसी को भी परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है. उन्होंने छठ व्रतियों को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से दीघा घाट पहुंचकर पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की अपील की.

ये भी पढ़ें: दीपावली-छठ पर बिहार से दिल्ली समेत 5 राज्यों के लिए चलेंगी 200 स्पेशल बसें, आज से टिकट बुकिंग शुरू
 

छठ घाट की जमीन पर कब्जे को लेकर ग्रामीणों का हंगामा

वहीं, झारखंड के गिरिडीह में छठ घाट की जमीन पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. पपरवाटांड़ स्थित एकमात्र छठ घाट की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर कच्चा निर्माण करने की कोशिश किए जाने का आरोप है. इसका विरोध करते हुए स्थानीय मुखिया और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. गुस्साई महिलाओं ने खुद ही वहां गाड़े गए खूंटे और खंभे उखाड़कर फेंक दिए और जमीन को अतिक्रमण मुक्त रखने की मांग की. भाजपा नेता कमलेश्वर पासवान ने कहा कि धार्मिक स्थल पर अतिक्रमण दुर्भाग्यपूर्ण है और प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना चाहिए. इस मामले को लेकर स्वामी विवेकानंद छठ पूजा समिति और ग्रामीणों ने सीसीएल महाप्रबंधक, उपायुक्त और थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा है. इसके जरिए छठ घाट की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई गई है.

रिपोर्ट: शिवम राज (पटना), मृणाल सिन्हा (गिरिडीह)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES