App

2200 किमी दूर भारत-पाक बॉर्डर से विवाहिता बरामद, कपास के खेतों में कराई जा रही थी मजदूरी, 70 हजार में बेचने का आरोप

जमुई की विवाहिता को चकाई पुलिस ने 2200 किमी दूर भारत-पाक बॉर्डर से सकुशल बरामद किया है. महिला से कपास के खेतों में मजदूरी कराया जा रहा था. पुलिस ने बताया कि महिला को करीब 70 हजार रुपये में बेचे जाने की बात सामने आई है.

2200 किमी दूर भारत-पाक बॉर्डर से विवाहिता बरामद, कपास के खेतों में कराई जा रही थी मजदूरी, 70 हजार में बेचने का आरोप
Image Credit: 2200 किमी दूर भारत-पाक बॉर्डर से विवाहिता बरामद (Photo-AI)

जमुई से करीब 2200 किलोमीटर दूर राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास से चकाई पुलिस ने लापता विवाहिता स्वाति कुमारी को सकुशल बरामद किया है. महिला को कथित तौर पर 70 हजार रुपये में बेचे जाने और वहां कपास के खेतों में मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया है.

चकाई थाना कांड संख्या 112/26 के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर राजस्थान के घमूड़वाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिड़मलसर पुलिस चौकी के इलाके में कार्रवाई की. स्थानीय पुलिस के सहयोग से विवाहिता को सुरक्षित बरामद कर जमुई लाया गया.

महिला के लापता होने के बाद उसके पिता कटी दास ने चकाई थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद एसआई मोतीलाल साह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर राजस्थान भेजी गई. पुलिस के अनुसार, महिला को बहला-फुसलाकर वहां ले जाने और करीब 70 हजार रुपये में बेचे जाने की बात सामने आई है. वहां उससे कपास के खेतों में मजदूरी कराई जा रही थी.

चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि बरामद महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. मामले में फेसबुक और सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किए जाने के पहलुओं की भी जांच की जा रही है. जमुई पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर महिला की बरामदगी की पुष्टि की है.

अस्पताल परिसर में एक सप्ताह से खड़ी पुलिस लिखी स्कार्पियो जब्त

वहीं, दूसरी तरफ जिले के झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बीते एक सप्ताह से अनाधिकृत रूप से खड़ी संदिग्ध स्कार्पियो को लेकर मंगलवार को अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. अस्पताल परिसर में लंबे समय से खड़ी इस गाड़ी पर पुलिस लिखा टैग लगा हुआ था. वाहन के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को आवेदन सौंपा.

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. नवाब अख्तर इकबाल ने मंगलवार को झाझा थाना में आवेदन देकर वाहन के बारे में जानकारी दी. आवेदन के अनुसार स्कार्पियो संख्या जेएच-15-एस-0680 बीते एक सप्ताह से अस्पताल परिसर में खड़ी थी. गाड़ी पर पुलिस लिखा टैग लगा होने के बावजूद उसके वहां खड़े रहने के संबंध में अस्पताल प्रबंधन को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी. अस्पताल परिसर में संदिग्ध वाहन के लंबे समय से खड़े रहने को लेकर प्रबंधन ने पुलिस से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया.

इधर आवेदन मिलने के बाद झाझा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्कार्पियो को जब्त कर लिया और उसे थाने ले गई. पूरे मामले को लेकर झाझा थाना प्रभारी मिंटू कुमार सिंह ने कहा कि स्कॉर्पियो वाहन मालिक की पहचान हो गई है. एचडीएफसी बैंक के कर्मी का स्कॉर्पियो था. उन्होंने कहा कि मेरे पास जगह नहीं था, इसलिए मैं वहां पर पार्क कर दिया था. हालांकि, आवश्यक दिशा-निर्देश के साथ वाहन मालिक को सौंप दिया गया है.

रिपोर्ट: अभिषेक निरला

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More