)
मुंगेर जिले के असरगंज प्रखंड के कई गांवों में आवारा कुत्तों का आतंक से कई लोग शिकार हुए है. वही, प्रखंड जलालाबाद, नारायणपुर, मिल्की, जोरारी और आद्रश गांवों में कुत्तों के हमले में करीब 28 लोग जख्मी हो गए हैं. घायलों में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
कुत्तों के हमले में जख्मी लोगों को उनके परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया और एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई. घायलों में चार वर्षीय अंशु कुमार, 48 वर्षीय विनोद कुमार, नौ वर्षीय राखी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी और मोनिका कुमारी समेत अन्य लोग शामिल हैं.
वहीं, पीड़िता राधिका कुमारी ने बताया कि वह खेत में सब्जी तोड़ने गई थी. इसी दौरान एक कुत्ते ने उस पर हमला कर शरीर के कई हिस्सों में काट लिया. वहीं, ममता देवी ने बताया कि उनकी बच्ची सुबह से घर में थी. वह घर के गेट के पास खड़ी थी, तभी एक कुत्ता आया और बच्ची को काट लिया. बच्ची की चीख सुनकर वह घर से बाहर निकलीं और कुत्ते को भगाया.
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. परवेज अख्तर ने बताया कि मंगलवार को करीब 15 लोग कुत्ते के काटने के बाद इलाज के लिए पहुंचे. सभी को डॉग बाइट वैक्सीन लगाई गई. वहीं, सोमवार को भी करीब 12 से 13 लोग अस्पताल पहुंचे थे. दो दिनों में लगभग 28 लोगों को कुत्ते के काटने से बचाव का इंजेक्शन लगाया गया है.
खड़ी ट्रक में पीछे से नारियल लदे ट्रक ने मारी टक्कर, चालक की मौत
दूसरी तरफ 27 अक्टूबर मंगलवार को ही जिले के खड़गपुर-जमुई एनएच-333 मुख्य मार्ग पर गंगटा थाना क्षेत्र के बनहरा चौक के पास सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि उपचालक रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कालीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डिंगेल गांव निवासी पिंकू हाजरा के रूप में हुई है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार