SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

देवा गुप्ता समेत 90 लोगों पर लगेगा CCA! SP ने DM को भेजा प्रस्ताव, मोतिहारी प्रशासन के एक्शन से आरोपियों में खलबली

मोतिहारी में अपराध पर लगाम लगाने के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात ने 90 कुख्यात अभियुक्तों के खिलाफ CCA लगाने का प्रस्ताव डीएम को भेजा है. इस सूची में राजद नेता सह मेयर पति देवा गुप्ता का नाम पहले नंबर पर है. डीएम ने नोटिस जारी कर 15 दिनों के अंदर जवाब मांगा है.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 02, 2026, 03:08 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 03:17 PM IST
Image Credit: देवा गुप्ता, राजद नेता
Join

मोतिहारी में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और विधि-व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार कड़ी कार्रवाई कर रहा है. इसी क्रम में मोतिहारी SP स्वर्ण प्रभात ने विभिन्न थानों के अंतर्गत गंभीर अपराधों में संलिप्त कुल 90 कुख्यात अभियुक्तों के खिलाफ बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) की धारा-3 के तहत कार्रवाई करने का प्रस्ताव मोतिहारी डीएम सुमन सौरभ यादव के पास भेजा है. इस सूची में पहले नंबर पर देवा गुप्ता का नाम होने को लेकर मोतिहारी के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है. कोई इसे राजनीतिक द्वेष बताते हुए देवा गुप्ता की राजनीति में बढ़ती सक्रियता को रोकने का सत्ता पक्ष का प्रयास बता रहा है, तो कोई इसे अपराधियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करार देते हुए CCA लगाने को जरूरी बता रहा है. हालांकि, अभी CCA नहीं लगाया गया है, बल्कि इसकी प्रक्रिया शुरू हुई है. डीएम ने देवा गुप्ता सहित सभी संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिया है. अब सभी को 15 दिनों के अंदर नोटिस का जवाब देना होगा. इसके बाद डीएम सुनवाई करेंगे और CCA लगाए जाने को लेकर निर्णय लेंगे.

क्या होता है CCA-3?

बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) की धारा-3 के तहत पुलिस और प्रशासन को आदतन अपराधियों तथा समाज में आतंक और असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार मिलता है. इस कानून का मुख्य उद्देश्य लोक-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध की पुनरावृत्ति रोकना और गंभीर अपराधों में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना है. इसके तहत ऐसे अपराधियों को चिह्नित किया जाता है, जिनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा हो और जिनके खुले घूमने से आम जनता की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है.ऐसे लोगों के खिलाफ जिला स्तर से CCA का प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए आगे भेजा जाता है.

ये भी पढ़ें: वैशाली में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी छोटू गिरफ्तार

90 अभियुक्तों पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज

जिला पुलिस द्वारा तैयार की गई इस व्यापक सूची में शामिल 90 अभियुक्तों पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, रंगदारी, संगठित अपराध, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, उत्पाद अधिनियम, भ्रष्टाचार अधिनियम, जालसाजी समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं. इस कार्रवाई के दायरे में जिले के विभिन्न थानों, जैसे छतौनी, तुरकौलिया, रक्सौल, ढाका, घोड़ासहन, चकिया, केसरिया, मेहसी और रामगढ़वा के अपराधी शामिल हैं. सूची में देवा गुप्ता, कुमोद यादव, असलम मियां, मो. इम्तेयाज, राधामोहन राय और रूपेश कुमार सहित कुल 90 लोगों के नाम, उनके पिता के नाम और आपराधिक इतिहास का पूरा विवरण दर्ज किया गया है. मोतिहारी पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अमन-चैन कायम रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा.

CCA लगा तो जाएंगे हाईकोर्ट

वहीं, CCA लगाए जाने के मामले में राजद नेता सह मेयर पति देवा गुप्ता ने खुद अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. हालांकि, उनसे जुड़े लोगों का कहना है कि अगर जिला प्रशासन की ओर से देवा गुप्ता पर CCA लगाया जाता है, तो वे इसके खिलाफ हाईकोर्ट का रुख करेंगे. फिलहाल, सभी की नजरें डीएम की सुनवाई और उनके फैसले पर टिकी हैं.

रिपोर्ट: पंकज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES