'दोस्त ने पहले हत्या किया, फिर चेहरे पर डाला तेजाब', राजा कुमार के परिजनों का सनसनीखेज आरोप, बेगूसराय में मिला लापता युवक का शव
बेगूसराय में पानी भरे गड्ढे से लापता युवक का शव बरामद हुआ है. शव मिलने से इलाके में सनसनी मच गई है. बताया जा रहा है कि चार दिन से राजा कुमार लापता था. वहीं, परिजनों ने दोस्त पर हत्या कर चेहरे पर एसिड डालने का आरोप लगाया है.
बेगूसराय में चार दिनों से लापता युवक का शव पानी भरे गड्ढे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान लोहियानगर थाना क्षेत्र के अशोक नगर पोखरिया वार्ड नंबर 36 निवासी बंगाली सदा के पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि राजा कुमार को उसका दोस्त घर से बुलाकर ले गया था और उसकी निर्मम तरीके से हत्या करने के बाद चेहरे और शरीर पर एसिड डालकर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया. हालांकि, हत्या और एसिड डालने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना लोहियानगर थाना क्षेत्र में रेलवे गुमटी के पास की है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
दरअसल, बेगूसराय में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चार दिनों से लापता एक युवक का शव पानी भरे गड्ढे में तैरता हुआ मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. वहीं, मृतक की पहचान होते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई. मृतक राजा कुमार, लोहियानगर थाना क्षेत्र के अशोक नगर पोखरिया वार्ड नंबर 36 निवासी बंगाली सदा का पुत्र था.
परिजनों के मुताबिक, बीते 15 अक्टूबर को राजा कुमार का एक दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गया था. इसके बाद से ही राजा कुमार लापता हो गया. परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद लोहियानगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. बावजूद इसके राजा कुमार का कोई पता नहीं चल सका.
परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने राजा कुमार के दोस्त से पूछताछ की, तो उसने बताया कि राजा कुमार उसके साथ कुछ समय के लिए आया था, लेकिन इसके बाद वह कहां गया, इसकी जानकारी उसे नहीं है. इसी बीच, आज स्थानीय लोगों ने रेलवे गुमटी के पास पानी भरे गड्ढे में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा. इसकी सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राजा कुमार के रूप में की.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि राजा कुमार की हत्या करने के बाद उसके चेहरे और शरीर पर एसिड डाला गया और फिर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया. उन्होंने इस वारदात में उसके दोस्त की संलिप्तता का आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.
घटना की सूचना मिलते ही लोहियानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में राकेश शर्मा के घर पुलिस का छापा, इसकी वजह कहीं नागा सिंह की बेशकीमती जमीन तो नहीं?