1 करोड़ 6 लाख कैश, गहने और निवेश: विजिलेंस रेड में अफसर पति-पत्नी की काली कमाई का खुलासा, ADG ने बताया और क्या-क्या मिला
विजिलेंस टीम की रेड में पटना के ADM सप्लाई रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के घरों से काली कमाई के दस्तावेज मिले हैं. ADG जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि रूपसपुर थाना क्षेत्र के कश्यप ग्रीन सिटी स्थित आवास से करीब 70 लाख रुपये नकद, महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद हुए.
बिहार की राजधानी पटना के एडीएम सप्लाई रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी, दानापुर की जिला सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई हुई. इस कार्रवाई की जानकारी विजिलेंस ब्यूरो के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने दी. उन्होंने बताया कि पटना और बेगूसराय में अफसर पति-पत्नी के आवास समेत कुल 4 ठिकानों पर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान 1 करोड़ 6 लाख रुपये कैश, सोने-चांदी के आभूषण, बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की जांच
विजिलेंस के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में करीब 47 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का आरोप है. फिलहाल, विजिलेंस की कार्रवाई जारी है. साथ ही बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की जांच की जा रही है.
अफसर पति-पत्नी के ठिकानों पर रातभर चली विजिलेंस की रेड
बता दें कि दानापुर आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग की कार्रवाई सोमवार रातभर चली. पटना और बेगूसराय के 4 ठिकानों पर निगरानी की टीम ने एक साथ तलाशी ली. रूपसपुर थाना क्षेत्र के कश्यप ग्रीन सिटी स्थित आवास से करीब 70 लाख रुपये नकद, महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण और जमीन से जुड़े दस्तावेज मिले. वहीं, नोटों की गिनती के लिए मशीन भी मंगवाई गई.
घड़ियों की कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई
विजिलेंस की रेड में इसके अलावा करीब 48 रोलेक्स और राडो कंपनी की महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण और जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज मिले. घड़ियों की कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है. हालांकि, बरामद सामान की अंतिम मात्रा और कीमत का आधिकारिक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा.
कोर्ट ने दिया सर्च वारंट का आदेश और विजिलेंस का शुरू हो गया एक्शन
निगरानी से संबंधित दस्तावेजों के अनुसार, जांच अवधि में आरोपितों और उनके परिजनों के नाम से अर्जित अचल संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 2 करोड़ 92 लाख 85 हजार 900 रुपये दर्ज है. इनमें कश्यप ग्रीन सिटी में पति-पत्नी के नाम दर्ज दो फ्लैट, फुलवारीशरीफ में जमीन, बलिया और बेगूसराय की संपत्ति समेत अन्य अचल संपत्तियां शामिल बताई गई हैं. विजिलेंस टीम ने निगरानी थाना कांड संख्या 113/26 के तहत न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद पटना और बेगूसराय में एक साथ तलाशी अभियान चलाया.
विजिलेंस की रेड पर मंत्री रामकृपाल यादव का रिएक्शन
अब इस कार्रवाई पर बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह सम्राट की सरकार है. इसमें जो भी भ्रष्टाचार करेंगे, उन भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसका नमूना पटना ADM सप्लाई रवींद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर निबंधन कार्यालय की सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के चार ठिकानों पर छापेमारी कर कार्रवाई के रूप में दिखा है. आगे जो भी पदाधिकारी भ्रष्टाचार में संलिप्त होंगे, उन पर सम्राट चौधरी की सरकार बड़ी से बड़ी कार्रवाई करेगी.