दरभंगा चांदी लूटकांड पर सियासी भूचाल: बीजेपी नेता की गिरफ्तारी पर पक्ष-विपक्ष आमने-सामने, संजय सरावगी ने दी सफाई
दरभंगा में 1 करोड़ 39 लाख रुपये की चांदी लूटकांड में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें BJP नेता विशाल महासेठ का नाम भी शामिल है. इस गिरफ्तारी के बाद से पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं.
बिहार के दरभंगा में एक सर्राफा कारोबारी से 1 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की चांदी के लूटकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सबसे चर्चित नाम भाजपा के नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की का है. पुलिस के अनुसार, विशाल महासेठ भी इस लूट की साजिश में शामिल था. विशाल के स्थानीय विधायक, सांसद और भाजपा के बड़े नेताओं के साथ काफी अच्छे संबंध थे. इस गिरफ्तारी के बाद अब सियासत भी शुरू हो गई है.
'किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा'
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी दरभंगा से विधायक हैं. उन्होंने इस गिरफ्तारी के बाद कहा- भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार में, पार्टी से कोई कितना भी जुड़ा हुआ क्यों न हो, अगर कोई गलत काम में फंसता है तो सरकार या पार्टी. यह राजद की सरकार नहीं है कि सत्ता के संरक्षण में अपराधियों को पनाह मिले. यह एनडीए की सरकार है. कोई भी अपराध में संलिप्त होगा, तो उसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. चाहे आप जिसका भी नाम ले रहे हैं, वह पार्टी से जुड़ा हुआ था. आज से नहीं, बल्कि दशकों से. लेकिन जैसे ही वह आपराधिक गतिविधि में संलिप्त हुआ, पार्टी ने उससे मुंह मोड़ लिया. क्या किसी को पहले से पता रहता है कि कौन क्या कर रहा है? उसके साथ तो 'जन सुराज' के मिथिला से प्रत्याशी रहे नूरानी की भी फोटो है.
संजय सरावगी ने आगे कहा- वह पार्टी का वर्कर था, यह पक्की बात है. इस बात से मैं इनकार नहीं कर सकता. उसकी तस्वीर पार्टी के सभी नेताओं के साथ है. लेकिन पार्टी से जुड़ा हुआ कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना ही रसूख वाला क्यों न हो, अगर जरा भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है या संदेह के दायरे में आता है, तो पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती. उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष को उसे अविलंब पार्टी से मुक्त करने का निर्देश दे दिया गया है.
अपने साथ आरोपी की तस्वीर वायरल होने पर संजय सरावगी ने कहा- वह नगर मंडल में पार्टी का कार्यकर्ता है. वह सभी विधायकों, सांसदों और बड़े नेताओं के साथ होगा और मेरे साथ भी होगा क्योंकि वह दशकों से पार्टी से जुड़ा हुआ है. वह आज का नहीं है, वह पार्टी के दायित्व पर था, इसलिए स्वाभाविक है कि नगर मंडल का कार्यकर्ता होने के नाते वह हर दूसरे-तीसरे दिन आता-जाता रहता था और सब लोग उसे जानते हैं.
'किसी भी कीमत पर अपराधी को बढ़ावा नहीं दे सकते'
जेडीयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा- यह आदरणीय नीतीश कुमार जी का बिहार है, जहां क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म के साथ कोई समझौता नहीं किया जाता. मुख्यमंत्री और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही यह सरकार न किसी को फंसाती है और न ही किसी को बचाती है. जहां तक दरभंगा में हुए चांदी लूटकांड का सवाल है, इसमें जो भी लोग संलिप्त होंगे और किसी भी पार्टी से जुड़े होंगे, कानून अपना काम करेगा. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी बात को बखूबी रखा है. हम किसी भी कीमत पर किसी अपराधी को बढ़ावा नहीं दे सकते. यह कल्चर RJD के शासनकाल का रहा होगा, लेकिन इस शासनकाल में जो भी व्यक्ति किसी भी अपराध में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी."
विपक्ष ने किया पलटवार
आरजेडी के एमएलसी कारी सुहेब ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का चाल और चरित्र एक बार फिर से सामने आ गया है. भाजपा के तमाम लोगों का काम ही यही है. आपने देखा है कि अभी हजारों की संख्या में कारतूस बरामद हुए हैं. पूरे देश में दंगा कराना, लूटपाट कराना और अराजकता की स्थिति पैदा करना, यही सब भाजपा का काम है. RSS ऐसे ही गुंडों को पोसती है और भाजपा में उन्हें बड़े-बड़े पद दिए जाते हैं. प्रदेश अध्यक्ष के नगर का कार्यकर्ता बिना प्रदेश अध्यक्ष के आशीर्वाद के इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने की हिम्मत नहीं कर सकता. आप देख रहे हैं कि उसकी तस्वीरें भाजपा के सभी बड़े-बड़े नेताओं के साथ हैं. इसका मतलब है कि इस लूट का हिस्सा इन तमाम बड़े नेताओं के पास जाता है.
वहीं, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अजय पासवान ने कहा- दरभंगा चांदी लूटकांड ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी किस तरह चाल, चरित्र और चेहरे की बात करती है. चोरों के सरगना भाजपा के मुख्य कार्यकर्ताओं में से एक हैं. संजय सरावगी ने इस बात को स्पष्ट कर दिया है. क्या संजय सरावगी इन चोरों को भारतीय जनता पार्टी में पनाह देते रहे हैं? क्या यह सच है कि भाजपा एक 'वॉशिंग मशीन' है, जहां भ्रष्टाचारी और लुटेरे आते हैं और बेदाग होकर निकल जाते हैं?
रिपोर्ट: रूपेंद्र श्रीवास्तव
यह भी पढ़ें: Shivangi Singh Vs Kavya Maran Wedding: एक विवाह उत्तर में तो दूसरा दक्षिण में, जानिए किसकी शादी कितनी शाही?