'ढह गया BJP का 30 साल पुराना किला, अब हम शिक्षकों-स्नातकों की आवाज बनेंगे', MLC चुनाव परिणाम से तेजस्वी यादव उत्साहित
राष्ट्रीय जनता दल के डॉ. संजीव ने पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर भाजपा के दिग्गज नवल किशोर यादव को मात देकर बड़ी जीत हासिल की है. यह केवल डॉ. संजीव की नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय जनता दल के लिए भी बड़ी जीत में शुमार हो गई है.
'पेपर लीक का मसला है, स्नातकों को नौकरी नहीं मिल रही है, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में ढंग से पढ़ाई नहीं हो रही है, शिक्षकों की समस्याएं हैं, इन सभी समस्याओं को लेकर जनता में रोष है. अब हम विधान परिषद में स्नातकों और शिक्षकों की आवाज बनेंगे. जिन लोगों ने राष्ट्रीय जनता दल के पक्ष में मतदान किया है, उन्हें दिल से शुक्रिया अदा करते हैं.' राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने विधान परिषद चुनाव के परिणाम आने के दौरान ये बातें कहीं. उन्होंने कहा कि पिछले कई साल से हमने ग्रेजुएट और शिक्षकों का चुनाव नहीं जीता था. ग्रेजुएट और टीचर में हमारे सदस्य नहीं थे, आज भाजपा का 30 साल किला पुराना किला ढह गया और हमलोगों की पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विजय हासिल हुई.
READ ALSO: ऐ गुंजन... अरे मिठइया ले जा रे: नीरज कुमार ने तो अनंत सिंह को रोस्ट कर दिया
तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज को प्रचंड रखेंगे. चुनाव आयोग की संदिग्ध भूमिका रही है. ट्रांसपेरेंसी नहीं रही चुनाव में, जो होनी चाहिए थी. 4 में से 3 सीटों पर जहां राजद नहीं जीत रहा था, वहां कल शाम 6 बजे तक रिजल्ट जारी कर दिया गया. पटना शिक्षक सीट पर हमारे प्रत्याशी जीत रहे थे, वहां देर रात तक सर्टिफिकेट नहीं दिया गया. जनता को अधिकार है नतीजे जानने का. सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं रही. इसको लेकर चुनाव आयोग पूरी तरीके से भाजपा के इशारे पर नाच रहा है.
उन्होंने कहा कि हम सब इंस्टीट्यूशंस का विरोध नहीं कर रहे हैं. वहां बैठे जो लोग बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं, हम उनका विरोध कर रहे हैं. एक नवंबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च है. रैली में भी हमलोग शामिल होंगे. कोसी में भी हम दूसरे स्थान पर हैं. दरभंगा का जो ग्रेजुएट का चल रहा है, वहां भी हम लोग दूसरे स्थान पर हैं. अभी देखते हैं कि क्या रिजल्ट रहता है, लेकिन अगली बार हम लोग और मजबूती से चुनाव लड़ेंगे.
बीजेपी के लोकतंत्र बचाने की मुहिम को लेकर उन्होंने कहा कि ये लोग दिखावटी या बनावटी या मिलावटी प्रदर्शन करने जा रहे हैं. सारे संस्थाओं को आप बेच रहे हो. खरीद रहे हो. विधायक आप खरीदते हैं, एमएलए आप खरीदते हैं. ये लोग संविाान खत्म कर रहे हैं. इन लोगों ने क्या नहीं बेचा? रेल बेच दिया, सेल बेच दिया, बेल बेच दिया. सब कुछ तो बेच ही दिया. भाजपा ज्ञानेश कुमार के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है.