)
बिहार में अब सुबह और शाम के समय काफी ठंड महसूस की जा रही है. दोपहर में धूप निकलने के बावजूद कड़ाके की ठंड बनी हुई है. हाल ही में, चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से राज्य के कई जिलों में बारिश भी हुई. वहीं, अब राज्य से बारिश का दौर खत्म हो चुका है. नवंबर के आखिरी सप्ताह में मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज (25 नवंबर, 2026) बिहार में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है?
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 25 नवंबर को बिहार में मौसम पूरी तरह शुष्क बने रहने का अनुमान है. साथ ही, पूरे राज्य में बारिश या किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. सुबह के समय अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहने वाला है, जिससे शुरुआती घंटों में विजिबिलिटी पर असर पड़ सकता है, ऐसे में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें. मौसम विभाग की माने, तो दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप निकलने से मौसम सुहाना रहेगा.
राज्य में तापमान की बात करें, तो कई जिलों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है. दिसंबर से ठंड के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है. जिलेवार तापमान की बात करें, तो सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है.
पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है.
भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में भी अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है.