)
पटना में दरोगा भर्ती परीक्षा और BPSC 70वीं परीक्षा को लेकर छात्र एक बार फिर से सड़क पर उतर चुके हैं. जानकारी के मुताबिक, BSSC परीक्षा फॉर्म भरने के करीब तीन साल बाद भी परीक्षा नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने आज (मंगलवार, 15 सितंबर) से आंदोलन शुरू कर दिया है. गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आये. भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. हाथों में तिरंगा लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले उग्र अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच जेपी गोलंबर के पास भयंकर बवाल हुआ.
यहां छात्रों ने पुलिस की ओर से लगाई गईं लोहे के बेरिकेड्स को तोड़ दिया और उसके ऊपर चढ़ गए. जब अभ्यर्थियों ने बेरिकेड्स के बगल से भागकर आगे निकलने का प्रयास किया, तो पुलिस बल ने उन्हें जबरन रोका. इसके बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच काफी गहमा-गहमी देखने को मिली. प्रदर्शनकारी बेरिकेटिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए. अब वे मुख्यमंत्री आवास और राजभवन की ओर जाने की कोशिश कर रहे हैं.
प्रदर्शनकारी बेरिकेटिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए. अब वे मुख्यमंत्री आवास और राजभवन की ओर जाने की कोशिश कर रहे हैं. छात्रों के हुजूम को देखते हुए डाकबंगला चौराहे पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और रास्ते को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है. प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि 70वीं BPSC परीक्षा और 1799 पदों वाली दरोगा बहाली प्रक्रिया में अनियमितता हुई है, इसलिए इन्हें तुरंत पूरी तरह रद्द किया जाए.
इसके अलावा छात्रों ने BSSC की लटकी हुई परीक्षाओं को बिना किसी विलंब के जल्द से जल्द आयोजित कराने की मांग की है. छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठे सवालों का निष्पक्ष तरीके से समाधान होना चाहिए.