)
बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए चुनावी अखाड़ा सज चुका है. राजद ने 6 सीटों, जेडीयू ने 4 सीटों और जन सुराज ने सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं. अब बीजेपी की ओर से भी 4 सीटों के लिए उम्मीदवारों का चयन की बात सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी ने अपने पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया है. मौजूदा विधान पार्षद नवल किशोर यादव और एनके यादव पर एक बार फिर मौका मिल सकता है. इसके अलावा दरभंगा स्नातक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भी पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया गया है.
BJP के संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा MLC नवल किशोर यादव को फिर उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है. इसी तरह से कोसी स्नातक सीट से मौजूदा MLC डॉ. एनके यादव का नाम भी फिर से तय बताया जा रहा है. वहीं, दरभंगा स्नातक सीट से मौजूदा MLC सर्वेश कुमार को टिकट मिल सकता है. पिछली बार वह निर्दलीय चुनाव जीतकर उच्च सदन पहुंचे थे. तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व MLC नरेंद्र प्रसाद सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है. सूत्रों के मुताबिक, बिहार भाजपा की कोर कमेटी ने चारों सीटों पर तय उम्मीदवारों की सूची दिल्ली भेज दी है. केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद ही कैंडिडेट के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी.
नवल किशोर रचेंगे इतिहास
अगर बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से इस लिस्ट को सहमति मिल गई तो पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा MLC नवल किशोर यादव लगातार छठी बार मैदान में होंगे. वह दो बार भाजपा से एमएलसी बने. उससे पहले एक बार आरजेडी और दो बार निर्दलीय जीतकर सदन पहुंचे थे. कोसी स्नातक सीट से MLC एनके यादव की नजर जीत की हैट्रिक लगाने पर होगी. वहीं, दरभंगा स्नातक सीट से मौजूदा MLC सर्वेश कुमार भी कभी भाजपाई हुआ करते थे. 2020 में बीजेपी से टिकट नहीं मिलने पर वे नाराज होकर निर्दलीय चुनाव लड़ गए थे और जीत हासिल की थी. तिरहुत शिक्षक सीट पर नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 2008 में जीत हासिल की थी. 2020 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.