बिहार MLC चुनावः जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का नामांकन आज, अनंत सिंह बांटेंगे 50000 रसगुल्ले
अनुज सिंह आज (गुरुवार, 01 अक्टूबर) को अपना नॉमिनेशन भरने वाले हैं. खास बात यह है कि इसके लिए अनंत सिंह ने 50 हजार रसगुल्ले तैयार करवाए हैं. अनंत सिंह अपने इसी खास अंदाज के लिए जाने जाते हैं.
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए हो रहे चुनाव के लिए हलचल तेज हो गई है. पटना स्नातक सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया. यहां जेडीयू विधायक अनंत सिंह अपनी पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का खुलेआम समर्थन करने में जुटे हैं. अनुज सिंह आज (गुरुवार, 01 अक्टूबर) को अपना नॉमिनेशन भरने वाले हैं. खास बात यह है कि इसके लिए अनंत सिंह ने 50 हजार रसगुल्ले तैयार करवाए हैं. यह रसगुल्ले अनुज सिंह के नामांकन में पहुंचने वाले लोगों में बांटे जाएंगे. स्थानीय लोगों का कहना है कि अनंत सिंह का यही स्टाइल है. वह अपने चुनाव में भी इसी तरह की दावत देते रहे हैं. 2025 के विधानसभा चुनाव में वह जेल में बंद थे, लेकिन रिजल्ट से पहले ही उनके आवास पर दावत की तैयारियां शुरू हो गई थीं.
ये अनंत सिंह का स्टाइल है!
जानकारी के मुताबिक, अनुज सिंह आज सुबह 10 बजे पटना के दारोगा राय पथ स्थित कर्पूरी बैंक्वेट हॉल से अपने नामांकन के लिए एक रोडशो निकालेंगे. सूत्रों के मुताबिक, इसमें अनंत सिंह भी अपने समर्थकों के साथ शामिल होंगे. नामांकन के बाद सभी का रसगुल्ला खिलाकर मुंह मीठा किया जाएगा. बता दें कि अनंत सिंह ने नीरज कुमार का खुला विरोध किया है. नीरज कुमार के विरोध को उन्होंने पार्टी का विरोध नहीं बताया. मोकामा विधायक ने कहा कि इस चुनाव में पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं होता है. पार्टी से हमारा कभी कोई मतभेद नहीं हुआ है, लेकिन नीरज कुमार को हम हराएंगे.
विधानसभा चुनाव के समय हमारा और लोकसभा चुनाव के समय ललन बाबू का उन्होंने विरोध किया था. अभी भी वह पार्टी में हैं. इसलिए पार्टी इन सब मुद्दों पर कुछ नहीं करती है. जदयू पार्टी पूरी तरह से एकजुट है. पार्टी में कोई समस्या नहीं है. यह हमारा व्यक्तिगत मामला है.- अनंत सिंह, मोकामा विधायक
पार्टी आलाकमान से भी नहीं खत्म हुए मतभेद
सूत्रों के मुताबिक, JDU के तमाम सीनियर नेताओं के साथ निशांत कुमार ने अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे. निशांत के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से भी ऐसी कोशिश की गई. नीतीश कुमार ने इस मसले को लेकर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को अपने आवास पर तलब किया था और उनसे पूरे मामले की जानकारी ली थी. इस दौरान मंत्री श्रवण कुमार भी वहां मौजूद थे. सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार की कोशिशों के बाद भी दोनों नेताओं (अनंत-नीरज) में मतभेद खत्म नहीं हुए.