SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार MLC चुनावः JDU ने BJP के लिए खड़ी कर दी ये मुश्किलें, अब सम्राट चौधरी और संजय सरावगी क्या करेंगे?

बिहार NDA में अभी सीट शेयरिंग नहीं हुई है, लेकिन जेडीयू ने 4 सीटों पर अपना दावा ठोक दिया है. जेडीयू के संभावित उम्मीदवारों के नाम भी सामने आ गए हैं. हालांकि, अभी आधिकारिक रूप से ऐलान नहीं किया गया है.

Written By K. Raj Mishra
Published: Sep 13, 2026, 08:16 AM IST | Updated: Sep 13, 2026, 09:11 AM IST
Image Credit: बिहार MLC चुनावः JDU ने BJP के लिए खड़ी कर दी ये मुश्किलें (File Photo- Zee Media)
Join

बिहार में विधान परिषद (MLC) की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. इस चुनाव को लेकर एनडीए के अंदर काफी गहमा-गहमी देखने को मिल रही है. विधान परिषद की 8 में से 4 सीटों पर जेडीयू प्रत्याशी देने जा रही. इसकी पूरी तैयारी हो चुकी है. नाम भी सामने आ गए हैं. हालांकि अभी आधिकारिक रूप से ऐलान नहीं किया गया, लेकिन लीक किया गया है. ये सब बिना सीट शेयरिंग के हुआ है. एक तरह से जेडीयू ने 8 में 4 सीट हथियाने की कोशिश की है और बाकी के 4 सीटें भाजपा के लिए छोड़ दी है. ऐसे में सहयोगी दलों को एक भी सीट मिलने के चांस खत्म हो गए हैं. क्या चिराग पासवान बिना एक सीट लिए मान जाएंगे? जीतन राम मांझी को कैसे शांत किया जाएगा? क्या बेटे को सेट करके उपेंद्र कुशवाहा को सीमित कर दिया गया है?

JDU के संभावित कैंडिडेट के नाम देखें

जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व ने अपने प्रत्याशियों के नाम फाइनल कर लिए हैं. खास बात यह है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह के विरोध के बाद भी पार्टी ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपने वरिष्ठ नेता नीरज कुमार को ही उम्मीदवार बनाने का फैसला लिया है. इसी तरह से तिरहुत स्नातक सीट से युवा नेता और पार्टी प्रवक्ता अभिषेक झा के नाम पर मुहर लग चुकी है. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी जेडीयू अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति बना रही है. सारण शिक्षक सीट से पुष्कर आनंद को प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया है. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधान पार्षद दिलीप चौधरी को टिकट मिल सकता है. सूत्रों का कहना है कि जेडीयू कैंडिडेट की लिस्ट तैयार हो चुकी है. अब इस लिस्ट को नीतीश कुमार को दिखाना बाकी रह गया है. उनकी हरी झंडी मिलने का इंतजार है. इसके बाद आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी.

JDU ने बीजेपी के लिए खड़ी की मुसीबत

एनडीए में सीट बंटवारे से पहले ही जेडीयू ने 8 में से 4 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लेकर बीजेपी को बड़ी मुश्किल में डाल दिया है. सियासी जानकारों का कहना है कि जेडीयू का केंद्रीय नेतृत्व यह मानकर चल रहा है कि इस चुनाव में बीजेपी और उसके बीच ही सीटों का बंटवारा होना है, लिहाजा पार्टी ने अपने हिस्से की चार सीटों पर अपना दावा कर दिया है. ऐसा करने से एनडीए में शामिल अन्य दल नाराज हो सकते हैं. बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती केंद्रीय मंत्री और लोजपा-आर अध्यक्ष चिराग पासवान को संतुष्ट करने की होगी. लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में जबरदस्त सफलता हासिल करने के बाद से चिराग पासवान के हौसले काफी बढ़े हुए हैं. वे हर चुनाव में अपनी हिस्सेदारी मांगते हैं और बीजेपी को देना पड़ता है. बीजेपी की दूसरी चुनौती केंद्रीय मंत्री और हम संरक्षक जीतन राम मांझी को शांत करने की होगी. मांझी भी अपनी पार्टी के लिए कम से कम एक सीट पाने की कोशिश जरूर करेंगे. वहीं, उपेंद्र कुशवाहा का क्या होगा? क्या सीएम सम्राट चौधरी ने दीपक प्रकाश का मंत्री पद बचाकर कुशवाहा को सीमित कर दिया है?

बीजेपी की ओर से किसे मिलेगा मौका?

एमएलसी चुनाव को लेकर मुख्यंमत्री सम्राट चौधरी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के बीच मंथन जारी है. सूत्रों के अनुसार, प्रदेश नेतृत्व ने अपने संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार कर ली है. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी प्रो. नवल किशोर यादव पर फिर से भरोसा जताया जा सकता है. इनके अलावा तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी प्रो. नरेंद्र प्रसाद सिंह की दावेदारी भी पक्की मानी जा रही है. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीवन कुमार के नाम की चर्चा चल रही है. उनको भी टिकट मिल सकता है. साथ ही दरभंगा क्षेत्र से डॉ. सुरेश प्रसाद राय या ब्रह्मदेव सिंह यादव में से किसी एक को मौका मिल सकता है. कुछ सीटों पर बीजेपी और जेडीयू के बीच रस्साकशी देखने को मिल रही है, जिसे दोनों दलों के नेता बैठकर सुलझाएंगे.

8 में से 3 सीटों पर NDA का कब्जा है

बिहार विधान परिषद की जिन 8 सीटों पर चुनाव होने वाला है, उनमें से सबसे अधिक 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों का कब्जा है. इसके बाद 2 सीटें बीजेपी के पास हैं. वहीं, जेडीयू, कांग्रेस और सीपीआई (CPI) के पास 1-1 सीट है. इनमें से पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व बीजेपी के प्रो. नवल किशोर यादव कर रहे हैं. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पर कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा का कब्जा है. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय अफाक अहमद और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से CPI के संजय कुमार सिंह सदन में हैं. इसी तरह से स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की चार सीटों में पटना का प्रतिनिधित्व JDU के नीरज कुमार, दरभंगा का निर्दलीय सर्वेश कुमार, कोसी का बीजेपी के एनके यादव और तिरहुत का निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी कर रहे हैं. सभी का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा है.

आरजेडी ने इन्हें बनाया उम्मीदवार

इस चुनाव के लिए राजद पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट में 6 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है. आरजेडी ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए डॉ. संजीव कुमार सिंह और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दिलीप कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है. तेजस्वी यादव ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को मैदान में उतारा है.

RJD प्रत्याशियों के एलान के बाद बिफरी कांग्रेस

राजद की ओर से 6 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान करने से महागठबंधन में मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं. जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी इतनी नाराज हो गई है कि उनसे अब सभी 8 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है. कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने राजद के फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गठबंधन में चुनावी निर्णय आपसी सहमति से होने चाहिए. आरजेडी और कांग्रेस के बीच दरभंगा शिक्षक सीट पर टकराव की आशंका सबसे अधिक है. वर्तमान समय में इस सीट से कांग्रेस के मदन मोहन झा विधान परिषद सदस्य हैं और उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है. अगर राजद भी इस सीट पर प्रत्याशी उतारता है तो दोनों दल आमने-सामने होंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES