SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार में छठ की भव्य तैयारी: पटना के 90 घाट सुरक्षित घोषित, गया एयरपोर्ट पर लोकगीतों की गूंज तो हाजीपुर जंक्शन पर हाई अलर्ट

बिहार में महापर्व छठ की भव्य तैयारी की जा रही है. कल नहाय-खाय से छठ की शुरुआत होगी, 14 को खरना और फिर शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला उपवास. ऐसे में प्रशासन ने सभी घाटों पर अपनी तैयारी लगभग पूरी कर ली है.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Nov 12, 2026, 09:40 AM IST | Updated: Nov 12, 2026, 10:40 AM IST
Image Credit: छठ पूजा 2026 (AI IMAGE)
Join

Bihar Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत कल यानी 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होने जा रही है. इसे लेकर राजधानी पटना में तैयारियां जोरों पर हैं. गंगा घाटों से लेकर बाजारों तक छठ की रौनक देखने को मिल रही है. महापर्व की शुरुआत से एक दिन पहले आज भी पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है. जिन घरों में छठ पूजा होनी है, वहां के व्रती और परिजन गंगा घाटों पर पहुंचकर गंगा स्नान कर रहे हैं और घर की शुद्धता के लिए गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे हैं. 

छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से गंगा घाटों को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है. पटना के कुल 103 गंगा घाटों में से 90 घाटों को छठ पूजा के लिए सुरक्षित घोषित किया गया है, जहां श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकेंगे. वहीं, असुरक्षित और खतरनाक घाटों को लाल कपड़े से घेरकर चिन्हित कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालु वहां जाने से बचें.

बेतिया में महापर्व छठ की धूम, प्रशासन अलर्ट

बेतिया में महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड़ पर हैं. बेतिया डीएम तरनजोत सिंह लगातार जिले के सभी छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं. डीएम ने नरकटियागंज के छठ घाटों और बेतिया रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया. डीएम ने बताया कि महापर्व छठ को लेकर घाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं. रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निरीक्षण किया गया है और यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.

महापर्व छठ को लेकर बेतिया पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है. बेतिया एसपी कुमार गौतम ने इस अभियान का नाम 'मिशन अर्ध्य' रखा है. बेतिया पुलिस का यह अभियान दस दिवसीय है. इस अभियान के तहत देश-विदेश और बाहर से महापर्व छठ पर घर आने वाले प्रवासियों के जो भी मामले थानों में लंबित हैं, उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा, जिसकी कमान खुद बेतिया एसपी संभाल रहे हैं. बेतिया एसपी ने बताया कि बाहर से आने वाले प्रवासियों का समय थानों के वाद-विवाद में व्यर्थ न हो, इसलिए इस दस दिवसीय 'मिशन अर्ध्य' की शुरुआत की गई है.

गया एयरपोर्ट पर छठ महापर्व की सांस्कृतिक झलक

गया एयरपोर्ट पर पहली बार छठ महापर्व की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली है, जहां लोकगीतों और धार्मिक परंपराओं से देश-विदेश के यात्री रूबरू हो रहे हैं. इस पहल का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और छठ की परंपराओं से परिचित कराना है. एयरपोर्ट परिसर में छठ के पारंपरिक लोकगीतों और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से यात्रियों को इस महापर्व की विशेषता बताई जा रही है. खास बात यह है कि यहां पहुंचने वाले विदेशी पर्यटक और दूसरे राज्यों से आने वाले यात्री भी बिहार की इस अनूठी परंपरा से रूबरू हो रहे हैं.

सिवान में छठ से पहले पुलिस का एक्शन

सिवान में छठ से पहले शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला है. जहरीली शराब से मौतों का दर्द झेल चुके लकड़ी नबीगंज में घर-घर में तलाशी ली जा रही है. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चल रहे इस अभियान से इलाके में हड़कंप मच गया है. लकड़ी नबीगंज थानाध्यक्ष सविता कुमारी और उत्पाद थाना प्रभारी दिलदार अंसारी के नेतृत्व में बाला गांव और मदारपुर जैसे इलाकों में संदिग्ध घरों के दरवाजे खुलवाकर तलाशी ली जा रही है. 

लकड़ी नबीगंज का बाला गांव जनवरी 2023 में जहरीली शराब कांड को लेकर सुर्खियों में आया था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी. इसके बाद नवंबर 2024 में भी इलाके में शराब सेवन के बाद मौत और तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया था. ऐसे में छठ महापर्व से पहले पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. थानाध्यक्ष सविता कुमारी ने साफ कर दिया है कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

हाजीपुर जंक्शन पर हाई अलर्ट 

छठ महापर्व को लेकर हाजीपुर जंक्शन पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है. आरपीएफ-जीआरपी और डॉग-बम स्क्वायड की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया है. आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल कार्यालय, वेटिंग हॉल और पार्किंग एरिया की बारीकी से तलाशी ली. आरपीएफ डॉग स्क्वायड के खोजी कुत्ते 'मिलो' ने पूरे स्टेशन परिसर में सघन जांच की, वहीं बम डिटेक्शन स्क्वायड ने यात्रियों के सामान और ट्रेनों की चेकिंग की. चेकिंग के दौरान लाउडहेलर के माध्यम से यात्रियों को नशाखुरानी गिरोह, चोर-उचक्कों से सतर्क रहने और हमेशा फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने की अपील की गई.

लखीसराय में छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में

लखीसराय में छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पोकलेन और जेसीबी से छठ घाटों का निर्माण और समतलीकरण किया जा रहा है. घाटों पर वॉच टावर और चेंजिंग रूम भी बनाए जा रहे हैं. शहर के पथला घाट पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया जी मीडिया संवाददाता राज किशोर मधुकर ने.

रिपोर्ट- जी मीडिया

यह भी पढ़ें: मुंगेर में गंगा की धारा के बीच सीताचरण, जहां माता सीता ने की थी सूर्योपासना, जानें छठ की अनूठी परंपरा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES