पटना में आज परिचारी कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शनः सीएम आवास घेराव का ऐलान, पुलिस भी पूरी तरह सतर्क
परिचारी एकता संघ के बैनर तले आज हजारों की संख्या में परिचारी (चपरासी) पटना की सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारियों की ओर से सीएम हाउस का घेराव करने का ऐलान किया गया है. परिचारियों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
पटना में आज (मंगलवार, 29 सितंबर) परिचारी कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. 9719 विद्यालय परिचारी की नियुक्ति, नियमित वेतनमान समेत अन्य मुद्दों को लेकर परिचारी एकता संघ के बैनर तले आज हजारों की संख्या में परिचारी (चपरासी) पटना की सड़कों पर उतरे. उन्होंने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है. गांधी मैदान के जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में परिचारी जमा हुए हैं. वहीं, इस प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस भी पूरी तरह से सतर्क है. पटना पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जेपी गोलंबर से डाकबंगला, आयकर चौराहा होते हुए सीएम हाउस तक प्रस्तावित उनके प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
बताया जा रहा है कि कार्यालय परिचारी पिछले एक महीने से पटना के गर्दनीबाग में अनशन पर बैठे थे. सरकार द्वारा उन पर कोई ध्यान नहीं दिए जाने से नाराज होकर अब वे सड़क पर उतर आए हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि साल 2012 से अबतक की बहालियों में सिर्फ परीक्षाएं कराई गई हैं. परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित हो जाने के बाद भी अब तक नियुक्ति पत्र नहीं दिए गए हैं.
उन्होंने सम्राट सरकार से जल्द नियुक्ति पत्र देने की मांग की है. कार्यालय परिचारी के लिए पहले मौखिक परीक्षाएं होती थी, लेकिन उसके बाद ओएमआर शीट के जरिए उनकी परीक्षा ली गई. परिणाम भी जारी कर दिया गया, लेकिन अब तक इन्हें नियुक्त नहीं किया गया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार के ढ़ीले रवैये के कारण सैकड़ो ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिनकी उम्र अब 60 पर कर चुकी है.
प्रदर्शन कर रहे परिचारियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से गुहार लगाई है कि सरकार जल्द नियुक्ति पत्र दे. उन्होंने कहा कि अब सरकार हमें नियुक्ति पत्र देकर नौकरी दे या हमारे घर पर मृत्यु प्रमाण पत्र भेज दे. बता दें कि सोमवार (28 सितंबर) को CPI के कई संगठनों और मेडिकल छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया था.