App

बिहार NDA में सबकुछ ठीक नहीं? कांग्रेस का दावा- JDU की नहीं चल रही, BJP ने सभी विभागों पर जमाया कब्जा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बिहार की NDA सरकार पर JDU को कमजोर करने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाया. इसके साथ ही उन्होंने परिसीमन को लेकर BJP पर भी निशाना साधा.

बिहार NDA में सबकुछ ठीक नहीं? कांग्रेस का दावा- JDU की नहीं चल रही, BJP ने सभी विभागों पर जमाया कब्जा
Image Credit: बिहार NDA में सबकुछ ठीक नहीं? कांग्रेस का दावा- JDU की नहीं चल रही, BJP ने सभी विभागों पर जमाया कब्जा

बिहार की सियासत में भाजपा और JDU के बीच खींचतान को लेकर कांग्रेस ने NDA सरकार पर हमला बोला है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया है कि बिहार की सत्ता में JDU की कोई खास भूमिका नहीं रह गई है और सरकार दो हिस्सों में बंटी हुई है. उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा. वहीं महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार पर देश को उलझाने का आरोप लगाया.

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत समस्तीपुर पहुंचे. यहां आयोजित मंडल अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने बिहार की एनडीए सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा.

राजेश राम ने कहा कि बिहार सरकार दो हिस्सों में बंटी हुई है. सरकार में जदयू की नहीं चल रही है. भाजपा ने सभी विभागों पर कब्जा जमा लिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार में सत्ता का संतुलन बिगड़ गया है और जदयू की भूमिका लगातार कमजोर हो रही है.

बाहुबलियों को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार की पुरानी परंपरा रही है. जब जरूरत पड़ती है तो बाहुबलियों को जेल से बाहर निकालने के लिए सिफारिश की जाती है, लेकिन काम निकल जाने के बाद उन्हें मक्खी की तरह फेंक दिया जाता है. उन्होंने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है. कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है.

वहीं परिसीमन को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा को घेरा. राजेश राम ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के बहाने परिसीमन के मुद्दे पर देश को उलझाना चाहती है. महिलाओं को 33% आरक्षण देने का विधेयक पहले ही पारित हो चुका है. ऐसे में सरकार को महिलाओं को उनका अधिकार देने की दिशा में कदम उठाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है.

(समस्तीपुर से मंटुन कुमार रॉय की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More