अब इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा शहर! बिहार के इस गांव में घर के पास मिल रहा मुफ्त उपचार, जानें क्या-क्या है उपलब्ध?
बिहार के बांका जिले के सिंहेश्वरी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ग्रामीणों को मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं. यहां इलाज, दवाइयां, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और विशेषज्ञ डॉक्टरों से टेली-कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध है.
गांवों में जब भी किसी की तबीयत बिगड़ती है, तो सबसे पहले यही ख्याल आता है कि अच्छे इलाज के लिए शहर भागना पड़ेगा. लेकिन अब बिहार के गांवों की यह पुरानी तस्वीर तेजी से बदल रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार की पहल से अब गांव के लोगों को उनके घर के पास ही भरोसेमंद और मुफ्त इलाज मिल रहा है. इसकी एक शानदार मिसाल बांका जिले के बौंसी प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सिंहेश्वरी में देखने को मिल रही है.
सिंहेश्वरी के इस आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ग्रामीणों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य से जुड़ी तमाम जरूरी सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गई हैं. यहां सामान्य बीमारियों के इलाज के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच, जरूरी दवाइयां, गर्भवती महिलाओं और बच्चों की देखभाल, टीकाकरण और ब्लड प्रेशर व शुगर की स्क्रीनिंग आसानी से हो रही है.
टेली-कंसल्टेशन की सुविधा भी मौजूद
इतना ही नहीं, अगर किसी मरीज को किसी गंभीर परेशानी में बड़े डॉक्टर की सलाह चाहिए, तो यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों से टेली-कंसल्टेशन की सुविधा भी मौजूद है. पूरे केंद्र में सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से समय पर इलाज मिल सके.
बीमारी होते ही तुरंत मिल जाती है सुविधा
गांव में ही बेहतर इलाज मिलने से स्थानीय महिलाएं और ग्रामीण बेहद निश्चिंत हैं. सिंहेश्वरी गांव की रहने वाली स्मृति कुमारी बताती हैं कि अब छोटी-बड़ी बीमारी के लिए उन्हें परेशान नहीं होना पड़ता.
अपना अनुभव साझा करते हुए स्मृति कुमारी कहती हैं, 'यहां सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्य केंद्र खुला रहता है. यहां इलाज की बहुत अच्छी व्यवस्था है. हम लोगों को जब भी कोई बीमारी या परेशानी होती है, तो हम तुरंत दौड़कर यहां आ जाते हैं और हमें तुरंत सुविधा मिल जाती है.
बांका के सिंहेश्वरी का यह आयुष्मान आरोग्य मंदिर बताता है कि जब अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं गांव के दरवाजे तक पहुंचती हैं, तो लोगों का समय और पैसा दोनों बचता है. अब गांव के लोग भी बिना किसी डर के अपने ही इलाके में समय पर और बेहतर इलाज करा पा रहे हैं.