)
Bihar KYP: बिहार में बंद पड़े 1799 कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) केंद्रों को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर आज यानी मंगलवार को बड़ी संख्या में केंद्र संचालक और छात्र पटना पहुंचे . राज्य के अलग-अलग जिलों से आए संचालकों और छात्रों ने केंद्रों को बंद होने पर नाराजगी जताते हुए सरकार से जल्द से जल्द नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि KYP सेंटर बंद होने से हजारों युवाओं की पढ़ाई और कौशल प्रशिक्षण प्रभावित हो रहा है.
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि KYP सेंटर बंद होने के कारण वे अपना नामांकन नहीं करा पा रहे हैं. इससे उनके भविष्य और रोजगार की तैयारी पर सीधा असर पड़ रहा है. छात्रों का कहना है कि कौशल विकास के लिए चलाए जा रहे इन केंद्रों से उन्हें कंप्यूटर, भाषा और रोजगार से जुड़े जरूरी प्रशिक्षण मिलते हैं, लेकिन केंद्र बंद रहने के कारण वे इन सुविधाओं से वंचित हैं. उन्होंने सरकार से छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए तत्काल नमांकन शुरू कराने की मांग की है.
KYP केंद्र संचालक और छात्र नियोजन भवन से निकलकर BJP कार्यालय का घेराव कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने बैनर और पोस्टर के जरिए अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की. उनके बैनर पर लिखा है, 'जब तक नामांकन शुरू नहीं, तब तक धरना खत्म नहीं होगा.' इसके अलावा प्रदर्शनकारी 'कौशल विकास हमारा अधिकार है, बंद केंद्र खोलो सरकार' और 'युवाओं का भविष्य बचाना है, KYP सेंटर पुनः चालू कराना है' जैसे नारे भी लगा रहे हैं.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक बंद पड़े 1799 KYP सेंटरों को दोबारा शुरू नहीं किया जाता और छात्रों का नामांकन बहाल नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. BJP कार्यालय के घेराव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. फिलहाल केंद्र संचालक और छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं.
रिपोर्ट: शिवम राज