5 दिन से लापता मजदूर का बांसवाड़ी में मिला शव, भोजपुर में हत्या की आशंका से सनसनी
भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में पांच दिनों से लापता 35 वर्षीय युवक गणेश चौधरी का शव बरामद हुआ है. उसका शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित बगीचे की बांसवाड़ी से मिला. परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है.
बिहार के भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में पांच दिनों से लापता युवक का शव बरामद हुआ है. उसका शव मंगलवार देर रात गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक बगीचे की बांसवाड़ी से मिला. परिजनों ने हत्या कर शव को वहां फेंके जाने की आशंका जताई है. मृतक की पहचान भगवतपुर गांव के वार्ड नंबर 9 निवासी लाल चौधरी के 35 वर्षीय पुत्र गणेश चौधरी के रूप में हुई है. वह पेशे से मजदूर था. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
पांच दिन से तलाश कर रहे थे परिजन
मृतक के छोटे भाई मुन्ना चौधरी ने बताया कि 6 नवंबर की शाम करीब सात बजे गणेश घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी पत्नी ने परिजनों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद रात करीब 10 बजे तक उनके मोबाइल पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन फोन बंद आ रहा था. अगले दिन यानी 7 नवंबर को परिजनों ने चांदी थाना में उनके लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई. इसके बाद से ही परिवार के लोग उनकी लगातार तलाश कर रहे थे. इसी बीच मंगलवार देर रात गांव से कुछ दूरी पर स्थित बगीचे की बांसवाड़ी में उनका शव मिला.
ये भी पढ़ें: बेगूसराय में शर्मनाक घटना, सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को मुकदमा वापस न लेने पर छत से फेंका, एक आरोपी गिरफ्तार
मोबाइल और लॉकेट लूटने के लिए हत्या की आशंका
शव मिलने के बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के छोटे भाई मुन्ना चौधरी ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों ने गणेश को नशीला पदार्थ खिलाकर या बहला-फुसलाकर उनके पास मौजूद मोबाइल और गले में पहना लॉकेट छीनने के उद्देश्य से हत्या की होगी. हालांकि, उन्होंने किसी भी व्यक्ति पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है और न ही किसी पर संदेह जताया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
वहीं, पुलिस की ओर से तैयार मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. ऐसे में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. दूसरी ओर, पुलिस ने फिलहाल इस पूरे मामले पर कुछ भी कहने से इनकार किया है. घटना के बाद से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है.