)
बिहार के बेगूसराय में मानवता को शर्मसार करने वाली एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. चार महीने पहले सामूहिक दुष्कर्म की घटना की शिकार हुई महिला पर एक बार फिर जानलेवा हमला किया गया है. आरोप है कि मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे बदमाशों ने महिला को उसके ही घर की छत से नीचे फेंक दिया. करीब 15 फीट नीचे गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. राहत की बात यह है कि महिला फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना चकिया थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, बीते 11 जून की रात इसी महिला के साथ पांच आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि पांचवां आरोपी बाहर था. पीड़िता के पति का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे. कई बार घर पहुंचकर गाली-गलौज करने के साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.
पीड़िता के पति के मुताबिक, सोमवार की रात बदमाश अचानक उनके घर पहुंचे. पहले उन्होंने आसपास रहने वाले उनके भाई के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फिर छिपकर बैठ गए. कुछ देर बाद जब उनकी भाभी ने दरवाजा खुलवाने के लिए पीड़िता को फोन किया तो वह अपने कमरे से बाहर निकली. इसी दौरान दो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और छत पर ले गए. आरोप है कि वहां से महिला को नीचे फेंक दिया गया. गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि बदमाश सरकारी सहायता के रूप में मिली तीन लाख रुपये की राशि को लेकर दबाव बना रहे थे. उनका दावा था कि महिला के पास 35 लाख रुपये हैं और उसे यह रकम उन्हें देनी चाहिए.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस सक्रिय हुई और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया. मामले को लेकर मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. अब सवाल यह है कि गंभीर अपराध की शिकार महिला को कब तक डर और धमकियों के बीच रहना पड़ेगा? पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासन आगे क्या कदम उठाते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार