डबल मर्डर से थर्राया भोजपुर: शादी समारोह में हथियारबंद बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, मातम में बदलीं खुशियां
बिहार के भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की. इस फायरिंग में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में मंगलवार (24 नवंबर, 2026) की देर रात शादी के दौरान गोलीबारी की घटना हुई. हथियारबंद अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दो युवकों की जान ले ली और एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस घटना के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया और लोगों में भगदड़ मच गई. मरने वालों की पहचान शुभकरणगंज गांव के राहुल कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवक 18 वर्षीय सोनू कुमार दौलतपुर गांव का रहने वाला है. उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.
कैसे हुई यह घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, चकिया गांव के नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी और बारात पद्मिनिया गांव से आई थी. राहुल रिश्ते में नेहा का भांजा था और अपने दोस्तों दीपक और सोनू के साथ शादी में आया था. रात में जयमाला और खाने के बाद मेहमान आपस में बात कर रहे थे. तभी दो बाइक पर सवार छह बदमाश वहां पहुंचे और बिना कुछ बोले युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे. अचानक हुई गोलीबारी से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और तीन युवकों को गोली लग गई.
अस्पताल ले जाते समय दो की मौत
गोली लगने से राहुल और दीपक घायल हो गए थे. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. सोनू के दाहिने पैर की जांघ में गोली लगी है और उसका इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल सोनू से पूछताछ की. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट बरामद कर जांच शुरू की.
पुलिस का क्या कहना है?
SDPO सुशील कुमार ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे हुई. शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है और पुलिस अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. कुछ संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं. आरोपियों को पकड़ने के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है और कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हमले की असली वजह साफ हो पाएगी.
रिपोर्ट: अजय कुमार राय