SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

एक क्लिक में पढ़िए बिहार की 2 बड़ी खबरें: भागलपुर में भीषण आग से 4 आशियाने तबाह, सिवान में घर के बाहर खड़ी जली नई कार

भागलपुर और सिवान में आग की घटना से पीड़ित लोगों को काफी नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि भागलपुर में आग की घटना से 4 घर जलकर राख हो गए. वहीं, सिवान में एक नई कार जल गई.

Edited By Shailendra
Published: Nov 09, 2026, 05:51 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 06:53 PM IST
Image Credit: भागलपुर में गरीबों के 4 आशियाने जले, तो सीवान में महाराष्ट्र से आए प्रवासी की नई कार राख (Z News)
Join

बिहार में दीपावली की रात दो जिलों में तबाही का मंजर देखने को मिला. भागलपुर जिला के बरारी की मुसहर टोला में भीषण आग लगने से एक साथ 4 घर जलकर राख हो गए. बताया जा रहा है कि घर में रखा फ्रिज-टीवी, बेड समेत सबकुछ स्वाहा हो गया. वहीं, दूसरी आग की घटना सिवान जिला में घटी. यहां पर घर के बाहर खड़ी नई कार में भीषण आग लगी गई. आग की लपटों में घिरी नई कार जलकर राख हो गई.

भागलपुर में गरीबों के 4 आशियाने जले

भागलपुर के बरारी स्थित मुसहर टोला में भीषण अगलगी से चार परिवारों की खुशियां और सालों की जमा-पूंजी जलकर राख हो गई. देखते ही देखते आग ने एक के बाद एक चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया. घर में मौजूद बच्चों को तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बर्तन, फ्रिज, टीवी, बेड, ट्रंक समेत घर का सारा सामान जलकर राख हो गया. इस अगलगी में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है.

बताया जा रहा है कि चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण एक फूस के घर में आग लगी थी. देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के तीन अन्य घर भी इसकी चपेट में आ गए. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस अगलगी ने पीड़ित परिवारों को एक बार फिर उसी दर्द में धकेल दिया है, जिससे वे दो साल पहले गुजर चुके हैं.

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब दो साल पहले भी इसी बस्ती के इन्हीं घरों में आग लगी थी. उस वक्त भी परिवारों का सबकुछ जलकर राख हो गया था. किसी तरह मेहनत-मजदूरी कर जिंदगी दोबारा पटरी पर लौटी थी, लेकिन इस बार फिर सबकुछ तबाह हो गया. पीड़ितों के मुताबिक, किस्तों पर टीवी और फ्रिज समेत कई सामान खरीदे थे, लेकिन आग ने सबकुछ छीन लिया. घर में रखा एक-एक सामान जल गया. इतना ही नहीं, अगलगी में एक बकरी के बच्चे की भी मौत हो गई.

सिवान में महाराष्ट्र से आए प्रवासी की नई कार राख

सिवान में दीपावली की रात घर के बाहर खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई. इस घटना में लाखों रुपये की कार जलकर पूरी तरह राख हो गई. वहीं, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव की है.

बताया जा रहा है कि पीड़ित मदन यादव महाराष्ट्र में रहते हैं. उन्होंने इसी साल मार्च महीने में अपनी जमा पूंजी लगाकर यह नई कार खरीदी थी. उसी कार से वह अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने अपने पैतृक गांव पहुंचे थे. जब रात में पूरा परिवार कमरे में सोया हुआ था, तभी घर के बाहर खड़ी उनकी कार में अचानक आग लग गई.

आग लगने की सूचना पर जैसे ही वह घर से बाहर निकले, कार आग की लपटों से घिरी हुई थी. परिवार के लोगों ने आनन-फानन में पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि किसी की कोशिश काम नहीं आई. देखते ही देखते लाखों रुपये की कार जलकर पूरी तरह राख हो गई. घटना के बाद परिवार ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुट गई.

भागलपुर से अश्वनी कुमार और सिवान से अमित सिंह की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: दीपावली की रात बिहार के कई जिलों में आग का तांडव, पटाखे की चिंगारी से जले कई घर और दुकान

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES