App

दीपावली की रात बिहार के कई जिलों में आग का तांडव, पटाखे की चिंगारी से जले कई घर और दुकान

दीपावली की रात बिहार के कई जिलों में आग का तांडव देखने को मिला. पटना, हाजीपुर और अररिया समेत कई जिलों से आग लगने की खबरें सामने आई हैं. पटना के कंकड़बाग अपार्टमेंट से 40 लोगों का रेस्क्यू किया गया.

दीपावली की रात बिहार के कई जिलों में आग का तांडव, पटाखे की चिंगारी से जले कई घर और दुकान
Image Credit: बिहार में अगलगी (AI IMAGE)

दीपावली के मौके पर बिहार के अलग-अलग जिलों से आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं. अररिया के फारबिसगंज में मार्केटिंग यार्ड के पास भीषण आग लगने से 5 घर जलकर पूरी तरह से खाक हो गए, जिसमें लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है. जिस जगह आग लगी हुई थी, उससे सटा हुआ ही रेलवे का हाई टेंशन तार था. घटना की जानकारी मिलते ही फारबिसगंज एसडीएम और एसडीपीओ घटनास्थल पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों के सहारे आग पर काबू पाया गया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. 

एसडीएम ने घटनास्थल पर पहुंच लैंड पोर्ट ऑथोरिटी जोगबनी से भी बात कर वहां से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगवाई जिसके बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका. आग की तेज लपटों के कारण आग काफी तेजी से फैलती चली गई लेकिन आसपास के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए घर के लोगों को घर से बाहर निकाला, जिसके कारण अगलगी में कोई हताहत नहीं हुआ है. एसडीएम ने पीड़ित परिवारों को तुरंत सरकारी सहायता देने की घोषणा की है जिससे पीड़ित परिवारों को कुछ राहत मिल सके.

हाजीपुर में लगी भीषण आग

वैशाली के हाजीपुर में दीपावली की रात खुशियों के बीच अचानक आग का तांडव देखने को मिला. नगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन बेकरी में लगी आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बेकरी का कारखाना बंद था. इसी दौरान गली में छोड़े गए पटाखे की चिंगारी बेकरी तक पहुंची और आग लग गई. बेकरी में रखा सामान, मशीनें और कच्चा माल आग की भेंट चढ़ गए. 

बेकरी मालिक रामनाथ के मुताबिक, इस अगलगी में करीब चार लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. उनका कहना है कि कारखाना बंद था और पटाखे की चिंगारी से आग लगी. अब उन्हें इस बात की चिंता सता रही है कि आग में जली मशीनें और कारोबार दोबारा कैसे शुरू होगा .घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

पटना में भी देर रात आग का तांडव

पटना के कंकड़बाग मेन रोड पर ग्रेविटी मॉल के पास स्थित विजय अमन अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई. अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर एक दुकान में आग लग गई और धुएं के बीच अपार्टमेंट में फंसे लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और हाइड्रोलिक लैडर की मदद से करीब 30 से 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. 

हर फ्लोर पर जाकर जांच की गई कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है. अधिकारियों ने खुद सभी फ्लोर का निरीक्षण किया. अधिकारी ने बताया कि यह पुरानी बिल्डिंग है और ऐसी इमारतों में इमरजेंसी एग्जिट की समस्या रहती है. हालांकि. इस बिल्डिंग का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हुआ था. आग पर काबू पाने के बाद धुआं कम हुआ और उसी रास्ते से दमकलकर्मी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे.

मुजफ्फरपुर में कबाड़ की दुकाम में आग

मुजफ्फरपुर में एक कबाड़ की दुकान में पटाखे की एक चिंगारी गिरने से  भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. यह घटना सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंझौलिया रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई, जहां कुछ युवक सड़क पर पटाखे जला रहे थे. बताया जा रहा है कि इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.

बेतिया में दो घर जलकर राख

बेतिया में आग लगने से दो घर जलकर राख हो गए. यह घटना योगपट्टी इलाके के खुतवनिया में हुई. कल देर रात लगी इस आग में दो घर और लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई. घरों के अंदर रखा सारा सामान, कपड़े, बर्तन और अनाज पूरी तरह जलकर खाक हो गया. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया. प्रभावित परिवार गहरे सदमे में हैं और अपने नुकसान से बुरी तरह टूट गए हैं.

रिपोर्ट- जी मीडिया

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More