App

भागलपुर में फिर मंडराया तटबंध टूटने का खतरा: 30 मीटर से ज्यादा हिस्सा धंसा, गंगा के कटाव से बढ़ी चिंता

Bihar Flood: बिहार के भागलपुर के राघोपुर में महादेवपुर घाट के पास गंगा का जलस्तर घटने के बीच तटबंध का 30 मीटर से ज्यादा हिस्सा धंस गया. इसके साथ ही गंगा ने दोबारा कटाव शुरू कर दिया है.

भागलपुर में फिर मंडराया तटबंध टूटने का खतरा: 30 मीटर से ज्यादा हिस्सा धंसा, गंगा के कटाव से बढ़ी चिंता
Image Credit: भागलपुर में फिर मंडराया तटबंध टूटने का खतरा (वीडियो ग्रैब)

Bihar Flood: बिहार के भागलपुर के राघोपुर में तटबंध पर एक बार फिर खतरा मंडरा गया है. गंगा का जलस्तर भले ही लगातार घट रहा हो, लेकिन घटते पानी के बीच महादेवपुर घाट के पास तटबंध का 30 मीटर से ज्यादा हिस्सा धंस गया. इसके साथ ही गंगा ने एक बार फिर किनारे पर कटाव शुरू कर दिया है. तटबंध में धंसान की खबर मिलते ही जल संसाधन विभाग के अधिकारी और इंजीनियर मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया. बड़े जहाजों के जरिए मेगा जियो बैग और ईसी बैग डालकर तटबंध को मजबूत किया जा रहा है. मुख्य अभियंता की निगरानी में कटावरोधी काम युद्धस्तर पर चल रहा है.

गंगा का जलस्तर घटा, लेकिन कटाव ने बढ़ाई चिंता
गंगा अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. हालांकि जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है, लेकिन पानी घटने के साथ कटाव ने नई चुनौती खड़ी कर दी है. यही वजह है कि विभाग की टीम तटबंध की लगातार निगरानी कर रही है. फिलहाल तटबंध के धंसे हिस्से को रिकवर कर लिया गया है और उसे मजबूत करने का काम जारी है.

अगस्त में टूट चुका है राघोपुर का तटबंध
राघोपुर का यह वही तटबंध है, जो अगस्त में टूट गया था. तटबंध टूटने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एरियल सर्वे कर स्थिति का जायजा लिया था. इसके बाद मुख्यमंत्री खुद भी मौके पर पहुंचे थे और फिर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ इलाके का एरियल सर्वे किया था.

दो मंत्रियों के क्षेत्र में आता है तटबंध
यह तटबंध दो मंत्रियों के क्षेत्र में आता है. अगस्त की घटना के बाद से ही तटबंध को सुरक्षित करने के लिए बड़े स्तर पर काम चल रहा है. हालांकि अब दोबारा 30 मीटर से ज्यादा हिस्से में धंसान होने और कटाव शुरू होने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है. विभाग की टीम तटबंध की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

रिपोर्ट: अश्वनी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More