बेगूसराय में युवती के अपहरण, दुष्कर्म और मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित कुमार को समस्तीपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मोहिउद्दीननगर से दबोच लिया. मामला नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लू डायमंड होटल से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को एक युवती को चाकू की नोक पर कथित तौर पर अगवा कर होटल लाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी.
वीडियो वायरल होने से उजागर हुई घटना
होटल में लड़की को लाने वाले आरोपी विक्रम कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी रोहित कुमार फरार चल रहा था. बता दें कि बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लू डायमंड होटल से सामने आए इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी थी. पुलिस के मुताबिक, युवती को चाकू की नोक पर अगवा करने के बाद होटल लाया गया. आरोप है कि यहां उसे दूसरे युवक के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट की गई. घटना के दौरान बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो और मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई.
नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस की लगातार दबिश के बीच रोहित कुमार के नेपाल भागने की कोशिश की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद जब रोहित कुमार को पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था, तभी उसने भागने की कोशिश की. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. इसी दौरान वह घायल हो गया. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
एसपी मनीष ने क्या कहा?
इस मामले में बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि 27 सितंबर को ब्लू डायमंड होटल में युवती के साथ मारपीट और दुष्कर्म की घटना सामने आई थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी के मुताबिक, मुख्य आरोपी रोहित कुमार नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे समस्तीपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, उसके पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसमें युवती से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो और मारपीट का वीडियो मिला है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
रिपोर्ट- जितेन्द्र कुमार