BCECEB Recruitment 2026: बिहार में सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर के 575 पदों पर भर्ती जारी, जानें योग्यता और सैलरी
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) ने राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों में सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर के 575 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है. योग्य उम्मीदवार इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है. दरअसल, बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अधीन बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (BCECEB) ने तीन वर्ष की अवधि के लिए राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों में सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर के रिक्त 575 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं.
बीसीईसीईबी की ओर से जिन विभाग/विशेषता के आधार पर सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर के पोस्ट के लिए कुल 575 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिनमें एनाटॉमी में 56, फिजिकल मेडिसिन और रिहैबिलिटेशन (PMR) में 55, साइकियाट्री में 58, फिजियोलॉजी में 57, प्रिवेंटिव और सोशल मेडिसिन (PSM) में 52, रेडियोलॉजी में 68, डर्मेटोलॉजी/त्वचा और यौन रोग में 56, जेरियाट्रिक्स में 33, रेडियोथेरेपी में 72 और तपेदिक (TB) और छाती के रोग में 68 पद शामिल हैं.
सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर की रात 10 बजे तक तय की गई है. एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार बीसीईसीईबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
वहीं, नेट बैंकिंग/डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड/यूपीआई के माध्यम से भुगतान और पंजीकृत उम्मीदवारों की तरफ से ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर की रात 23.59 बजे तक तय की गई है. इसके अतिरिक्त, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए फॉर्म में त्रुटि सुधारने की विंडो 24 नवंबर की रात 23.59 बजे तक सक्रिय रहेगी.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विशेषता में पोस्ट-ग्रेजुएशन चिकित्सा डिग्री/डीएनबी/डीएनबी सुपर स्पेशलिटी या अन्य निर्धारित योग्यता होनी चाहिए.
आवेदकों की अधिकतम आयु अनारक्षित (पुरुष) के लिए 37 वर्ष और अनारक्षित (महिला) के लिए 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यता आधारित पैनल, परामर्श और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,15,000 रुपए प्रति माह होगी. इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 2,250 रुपए और लागू प्रोसेसिंग शुल्क है.
इनपुट: आईएएनएस