)
छपरा के मशरख थाना क्षेत्र के ब्राहिमपुर गोपी महुआरी टोला गांव में दुर्गा पूजा की छुट्टी में घर आए 21 वर्षीय बीबीए छात्र प्रियांशु कुमार सिंह उर्फ सिंटू को सिर में गोली मार दी गई. गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया. परिजनों के मुताबिक, गोरखपुर में भी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
घायल छात्र की पहचान गांव निवासी संजीव कुमार सिंह के पुत्र प्रियांशु कुमार सिंह के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण एसपी संजय कुमार और डीएसपी संजय कुमार सुधांशु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
परिजनों के अनुसार, प्रियांशु पटना में रहकर बीबीए की पढ़ाई करता है और दुर्गा पूजा की छुट्टी में गांव आया था. उसके चाचा रौशन कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद आयोजित एक पार्टी में गांव के कुछ लड़कों ने प्रियांशु को बुलाया था. रात करीब एक बजे गांव के ही कुछ लड़कों ने घर पहुंचकर सूचना दी कि प्रियांशु को गोली लग गई है और उसे इलाज के लिए सिवान ले जाया गया है. इसके बाद परिजन सिवान सदर अस्पताल पहुंचे. छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया.
परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान प्रियांशु ने गोली मारने वाले युवक का नाम विक्कू बताया है. परिजनों ने इस दौरान का वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की बात भी कही है. हालांकि, गोली किस परिस्थिति में चली, वारदात कहां हुई और इसमें किसकी भूमिका है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी संजय कुमार और डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की. डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है. गोली चलने का वास्तविक घटनास्थल अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. घटनास्थल सारण और सिवान जिले की सीमा के आसपास होने की वजह से दोनों जिलों की पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की है.
प्रियांशु दो भाइयों में छोटा है और पटना में रहकर पढ़ाई करता है. दुर्गा पूजा की छुट्टी में घर आए छात्र को गोली मारे जाने की घटना से परिवार के लोग चिंतित हैं. पुलिस अब घटना के पीछे के कारणों, वारदात के वास्तविक स्थल और संदिग्धों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है.
रिपोर्ट: राकेश कुमार सिंह